अधिकारियों से बोले ग्रामीण- आश्वासन नहीं, यहीं सड़क पुनर्निर्माण का निकले आदेश
Published by : SANU KUMAR DUTTA Updated At : 16 May 2026 5:31 PM
पाकुड़िया-महेशपुर मार्ग की जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सुबह 6 बजे से मुख्य सड़क जाम कर दी। सैकड़ों वाहनों की लंबी कतारें लग गईं जिससे आमजन और व्यापारियों को परेशानी हुई। अधिकारियों ने डीपीआर तैयार होने और जल्द निर्माण शुरू होने की जानकारी दी, लेकिन ग्रामीण आश्वस्त नहीं हुए। उन्होंने तत्काल निर्माण की मांग की और चेतावनी दी कि सुधार न होने पर आंदोलन और तेज कर देंगे। जाम अनिश्चितकाल तक जारी रहा।
ग्रामीणों ने किया पाकुड़िया-महेशपुर मार्ग जाम बस-ट्रक समेत सैकड़ों वाहनों की लंबी कतारें, लू और गर्मी में बेहाल 1982 से उपेक्षित सड़क के लिए सुबह 6 बजे से जाम मौके पर पहुंचे बीडीओ व थानेदार की समझाइश भी नहीं चली प्रतिनिधि, पाकुड़िया गांवों की जर्जर सड़कों पर उठती धूल और गड्ढों में फंसी ज़िंदगी आज फिर सवाल कर रही है कि विकास की राह आखिर कब तक अधूरी रहेगी. तालवा चौक से खाडू टोला तक लगभग 20 किलोमीटर लंबी सड़क के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर शनिवार को भारी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए. दो दर्जन से अधिक गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने तालवा चौक पर पाकुड़िया-महेशपुर-पाकुड़ जाने वाली पीडब्ल्यूडी मुख्य सड़क को सुबह छह बजे से जाम कर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया. सड़क जाम के कारण दोनों ओर ट्रक, बस, कार समेत छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. भीषण गर्मी के बीच यात्रियों, व्यापारियों एवं आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सूचना पर पहुंचे अधिकारी, डीपीआर तैयार होने की दी जानकारी जाम की सूचना मिलने पर बीडीओ सोमनाथ बनर्जी एवं थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की. अधिकारियों ने बताया कि तालवा चौक से खाडू टोला तक सड़क सुदृढ़ीकरण के लिए पीडब्ल्यूडी द्वारा डीपीआर तैयार किया जा रहा है तथा स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा. हालांकि ग्रामीण प्रशासन के आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए और जाम जारी रखा. ग्रामीणों ने प्रशासन को स्पष्ट कहा कि वे केवल आश्वासन सुनने के लिए सड़क जाम नहीं किए हैं. ऑन द स्पॉट सड़क निर्माण की स्वीकृति और कार्य शुरू होने की घोषणा होने पर ही आंदोलन समाप्त किया जाएगा, अन्यथा चक्का जाम अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा. सड़क पर गड्ढों ने आवागमन किया मुश्किल, सुधार नहीं होने पर तेज होगा आंदोलन आंदोलन में शामिल बिमल हांसदा, सुमन रविदास, बाबूजी हेंब्रम, चंदन कुमार, रामशंकर प्रसाद, रामजी रविदास, सुजीत सोरेन एवं मोतीलाल किस्कू सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क पिछले करीब 35 वर्षों से उपेक्षा का शिकार है. वर्ष 1982-83 में आरईओ द्वारा सड़क का पक्कीकरण कराया गया था, लेकिन उसके बाद न तो मरम्मत हुई और न ही पुनर्निर्माण. वर्तमान में सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे खासकर बारिश के दिनों में आवागमन बेहद कठिन हो जाता है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि सड़क निर्माण को लेकर जल्द ठोस पहल नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा. समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










