लोहरदगा के सुभाष चौक में फहराया गया तिरंगा, सामाजिक एकता और भाईचारे का दिया संदेश
ध्वजारोहण करते बलराम साहु | Prabhat Khabar Network
लोहरदगा के सुभाष चौक पर पूर्व डिप्टी चेयरमैन बलराम साहू ने तिरंगा फहराया. नगरवासियों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा का संकल्प लिया.
लोहरदगा. स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नगर क्षेत्र के सुभाष चौक, थाना रोड में पूर्व डिप्टी चेयरमैन बलराम साहू के नेतृत्व में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में तिरंगा शान से फहराया गया. उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया. पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति और सामाजिक सौहार्द का माहौल देखने को मिला.
राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन
ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया. इस दौरान देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया. लोगों ने उनके बलिदान को याद करते हुए राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया.
स्वतंत्रता दिवस वीरों के आदर्शों को याद करने का अवसर : बलराम साहू
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व डिप्टी चेयरमैन बलराम साहू ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं है, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को याद करने और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का अवसर भी है. उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी अनेकता में एकता है. विभिन्न जाति, धर्म, भाषा और समुदाय के लोग आपसी भाईचारे के साथ मिलकर देश को मजबूत बनाते हैं. सामाजिक एकता और सद्भाव ही देश की प्रगति का आधार है.
ये भी पढ़ें- लोहरदगा के उर्सुलाइन कॉन्वेंट बालिका विद्यालय में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस
नई पीढ़ी से देश के विकास में योगदान की अपील
बलराम साहू ने कहा कि आजादी के बाद भारत ने विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है. अब नई पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वह शिक्षा, सामाजिक सद्भाव, स्वच्छता, विकास और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हुए देश को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दे. उन्होंने नगरवासियों से आपसी प्रेम और भाईचारा बनाए रखने तथा क्षेत्र के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की.
विभिन्न समुदायों के लोगों ने की सहभागिता
कार्यक्रम में निश्चय वर्मा, शिवांजलि मिश्रा, कुणाल वर्मा, रुद्र कुमार, असगर, रश्मि कुमारी अंसारी, मोनू, फरीद, जफर, अलाउद्दीन, परमानंद मिश्रा, ज्योति खत्री, वीरेंद्र साहू, जेटली इमदाद बाबू, प्रमोद वर्मा, रवि वर्मा, जितेंद्र वर्मा, अरबाज, साबिर, नितेश, शुभम, अरशालन, सूरज सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे. कार्यक्रम में विभिन्न समुदायों और वर्गों के लोगों की सहभागिता ने सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की मजबूत तस्वीर पेश की. लोगों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा देश की प्रगति और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By गोपी कृष्ण
गोपी कृष्ण वर्तमान में ब्यूरो प्रमुख हैं. समाज में व्याप्त समस्याओं, भ्रष्टाचार, अंधविश्वास, महिला उत्पीड़न, पलायन को लेकर काम में रूचि है. बहुत काम किया है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










