श्रमदान कर छह किमी सड़क की मरम्मत की गयी
Published by : Akarsh Aniket Updated At : 24 May 2026 9:36 PM
श्रमदान कर छह किमी सड़क की मरम्मत की गयी
किस्को लोहरदगा. देवदरिया पंचायत के देवदरिया गांव में ग्राम सभा का आयोजन कर बरपानी मोड़ से बरपानी तक छह किलोमीटर जर्जर सड़क की मरम्मत का प्रस्ताव पारित किया गया. ग्राम प्रधान अवध साही, सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष करलूस मुंडा और सचिव विकास नगेसिया के नेतृत्व में ग्रामीणों ने श्रमदान कर सड़क को चलने योग्य बनाया. ग्राम सभा ने वन अधिकार कानून 2006, नियम 2008 एवं संशोधित नियम 2012 के नियम 3(2) के तहत सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि सड़क मरम्मत का कार्य सामूहिक श्रमदान से किया जाये. ग्रामीणों ने मोरम और पत्थर डालकर सड़क को सुधारने का कार्य किया. इस सड़क का उपयोग पाखर पंचायत के बन्दरीतरिया, पटीयापानी टोला, बोंड़ोबार, जोभीपानी, देवदरिया, बरपानी, पांचपाड़वा टोला, सलैया और करमाही टोला के लोग करते हैं.
लोगों को काफी परेशानी होती थी
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क अत्यंत जर्जर होने से स्कूली बच्चों, मरीजों और आम लोगों को भारी परेशानी होती थी. शादी-विवाह और सामाजिक कार्यक्रमों में भी आवागमन कठिन हो गया था. प्रखंड मुख्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचना मुश्किल हो गया था. वर्षों से सड़क निर्माण की मांग के बावजूद जनप्रतिनिधि और प्रशासन उदासीन रहे, जिससे हालात बदतर हो गये. स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने स्वयं श्रमदान कर सड़क मरम्मत का कार्य किया. इस दौरान सचिव राजकुमारी, पौल्मीकि भेंगरा, लालमुनी देवी, सोहरी, फूलों, मनीता, ललिता, रीना, कलावती, सरिता, सुगमनी, सोनिया, सुशिता, कैलास लोहरा, लालगुना नगेसिया, उंदेश्वर, रामदेव, बरतु, पीटर, मनोज, सोमेश्वर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे. ग्रामीणों की मांग है कि जल्द से जल्द सड़क की स्थायी मरम्मत कर आवागमन सुगम बनाया जाए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










