जलसहियों के साथ पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की बैठक

भंडरा प्रखंड में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने जल सहियाओं के साथ बैठक की. गांवों को कचरा मुक्त बनाने और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर विशेष चर्चा की गई.
भंडरा (लोहरदगा): प्रखंड मुख्यालय स्थित सभा भवन में शुक्रवार को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के तत्वावधान में जल सहियाओं की एक दिवसीय बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता विभाग की प्रखंड समन्वयक प्रभा कुमारी ने की. बैठक का उद्देश्य गांवों में ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन को प्रभावी ढंग से लागू करना तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत प्रखंड को खुले में शौच मुक्त के साथ कचरा मुक्त बनाना था.
प्रखंड समन्वयक प्रभा कुमारी ने जल सहियाओं को कचरा प्रबंधन के विभिन्न बिंदुओं की जानकारी देते हुए कहा कि घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे का अलग-अलग संग्रहण किया जाना चाहिए. उन्होंने बताया कि गीले कचरे से वर्मी कंपोस्ट तैयार किया जा सकता है, जबकि सूखे कचरे का समुचित निपटान कर गांव को स्वच्छ रखा जा सकता है.
उन्होंने जल सहियाओं को अपने-अपने गांवों में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने, कचरा निपटान केंद्र के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने, जल स्रोतों के आसपास गंदगी नहीं फैलने देने तथा नल-जल योजना की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
प्रभा कुमारी ने कहा कि सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने में जल सहियाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है. ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर ही भंडरा प्रखंड को आदर्श प्रखंड बनाया जा सकता है. बैठक में प्रखंड की सभी पंचायतों की जल सहियाएं उपस्थित थीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विकाश नाथ
26 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हूं. रिपोर्टिंग के साथ डेस्क का काम करने भी अनुभव प्राप्त है. खेल डेस्क में भी काम करने का अनुभव है. रुरल के संस्करणों को देखता हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










