लोहरदगा में 1 अगस्त को बंद रहेंगी ज्वेलरी शॉप्स, हत्या और लूट की घटनाओं पर गुस्से में दुकानदार

लोहरदगा में बैठक करते स्वर्णकार समाज के लोग. फोटो: प्रभात खबर
झारखंड के लोहरदगा में आपराधिक घटनाओं में वृद्धि के विरोध में जिला सर्राफा एसोसिएशन ने आपात बैठक बुलाई. व्यापारियों ने सुरक्षा और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है.
लोहरदगा से गोपी कृष्ण कुंवर की रिपोर्ट
Lohardaga News: झारखंड के लोहरदगा में सर्राफा व्यवसायियों के बीच लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर शुक्रवार को जिला सर्राफा एसोसिएशन की आपात बैठक खेमराज स्मृति भवन में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता दुर्गा सोनी ने की. बैठक में हाल ही में शहर में हथियारबंद अपराधियों द्वारा सर्राफा दुकान में हत्या और लूटपाट के प्रयास, युवा व्यवसायी शुभम साहू की हत्या, पेट्रोल पंप से रंगदारी की घटना तथा व्यापारियों के बीच बढ़ते भय और असुरक्षा के माहौल पर गंभीर चर्चा की गई. सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शनिवार को जिले की सभी सर्राफा दुकानें विरोध स्वरूप बंद रहेंगी.
अपराध की घटनाओं पर जताई गहरी चिंता
बैठक में उपस्थित व्यापारियों ने कहा कि पिछले कुछ समय से लोहरदगा में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ा है. खासकर सर्राफा कारोबारियों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं से व्यापारियों में दहशत का माहौल है. व्यवसायियों का कहना था कि खुलेआम हथियार लेकर अपराधी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे कारोबार करना मुश्किल होता जा रहा है. बैठक के दौरान व्यवसायी संजय खत्री ने अपने प्रतिष्ठान पर हुई घटना की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि किस तरह अपराधियों ने उनके प्रतिष्ठान को निशाना बनाया. इस घटना के बाद व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की.
लंबित हथियार लाइसेंस जल्द जारी करने की मांग
बैठक में सर्राफा कारोबारियों ने प्रशासन से लंबित हथियार लाइसेंस शीघ्र जारी करने की मांग उठाई. उनका कहना था कि लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को देखते हुए व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है. इसके अलावा शहर में दिन और रात दोनों समय नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध वाहनों की सघन जांच करने तथा प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में पुलिस बल की स्थायी तैनाती की मांग भी की गई.
नशे के कारोबार पर कार्रवाई की मांग
व्यापारियों ने बैठक में यह भी कहा कि शहर में खुलेआम मादक पदार्थों की बिक्री हो रही है, जिससे अपराध को बढ़ावा मिल रहा है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की. उनका कहना था कि यदि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर प्रभावी रोक लगाई जाए तो अपराध की घटनाओं में भी कमी आएगी.
शनिवार को बंद रहेंगी सर्राफा दुकानें
बैठक में मौजूद सभी व्यापारियों ने हाथ उठाकर सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि शनिवार को जिले की सभी सर्राफा दुकानें बंद रखी जाएंगी. प्रत्येक प्रतिष्ठान पर विरोध का पोस्टर लगाया जाएगा, ताकि आम लोगों को बंद के कारण की जानकारी मिल सके. व्यापारियों का कहना है कि यह बंद प्रशासन का ध्यान सुरक्षा व्यवस्था की ओर आकर्षित करने के लिए किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: वेदांता स्टील प्लांट मामले में डुमरी विधायक जयराम महतो ने किया सरेंडर, कोर्ट से मिली जमानत
एसपी से मिलेगा शिष्टमंडल
बैठक में यह भी तय किया गया कि सर्राफा एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करेगा. प्रतिनिधिमंडल व्यापारियों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, पुलिस गश्त बढ़ाने और अन्य लंबित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपेगा. बैठक में झारखंड राज्य स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सोनी, प्रदेश सलाहकार सदस्य लक्ष्मी स्वर्णकार, बेड़ो प्रखंड अध्यक्ष बजरंग प्रसाद सोनी, लोहरदगा सर्राफा एसोसिएशन के संरक्षक कृष्णा खत्री, सरोज खत्री, संजय बर्म्मन, एसोसिएशन अध्यक्ष प्रवीण तमेड़ा सहित बड़ी संख्या में सर्राफा व्यवसायी उपस्थित रहे. सभी ने एक स्वर में कहा कि जब तक व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, तब तक इस मुद्दे को मजबूती से उठाया जाता रहेगा.
इसे भी पढ़ें: 'रांची को दिल्ली का जंतर-मंतर मत बनने दीजिए सर', JPSC-JSSC अभ्यर्थियों की सीएम हेमंत सोरेन से अपील
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By कुमार विश्वत सेन
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










