मुआवजा वितरण प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश

मुआवजा वितरण प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश
लोहरदगा़ समाहरणालय में उपायुक्त डॉ ताराचंद की अध्यक्षता में पथ निर्माण विभाग की बैठक हुई. इसमें जिले की प्रमुख सड़क परियोजनाओं और भू-अर्जन से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. बैठक में एनएचएआइ-75 के तहत कुड़ू-उदयपुरा पथ परियोजना में तोड़ी गयी संरचनाओं के मुआवजे पर चर्चा हुई. उपायुक्त ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को मुआवजा वितरण प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया. बाइपास के रैयतों को जल्द मिलेगा पैसा : एनएच अंतर्गत लोहरदगा बाइपास निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि के रैयतों के लंबित भुगतान पर उपायुक्त ने कड़ा रुख अपनाया. उन्होंने निर्देश दिया कि विशेष शिविर आयोजित कर उन रैयतों का भुगतान सुनिश्चित किया जाये जिनकी राशि किन्हीं कारणों से रुकी हुई है. इसके साथ ही कुड़ू बाजार चौक के किनारे जलजमाव की समस्या दूर करने के लिए नाली निर्माण और कुड़ू-घाघरा पथ के कड़ाक में टॉल गेट का कार्य प्रारंभ करने का निर्देश एनएच के अधिकारियों को दिया गया. क्षतिग्रस्त पुलों का होगा पुनर्निर्माण : उपायुक्त ने पथ प्रमंडल लोहरदगा को नदिया-इरगांव पथ का कार्य जल्द पूर्ण करने और ग्रामीण कार्य विभाग की योजनाओं की सतत निगरानी का निर्देश दिया. बैठक में होंदगा-कुजरा पथ और हनहट-खरता को जोड़ने वाले क्षतिग्रस्त पुलों के पुनर्निर्माण की भी समीक्षा की गयी. ग्रामीण कार्य विभाग के तहत संचालित पीएमजीएसवाइ और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना की प्रगति की जांच करते हुए सभी लंबित कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने को कहा गया. मौके पर डीडीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सुजाता कुजूर समेत अन्य अभियंता उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




