दो दर्जन गांवों के लोगों को तय करनी पड़ रही पांच किमी अतिरिक्त दूरी, विभाग ने साधी चुप्पी

Updated at : 07 Jun 2018 6:00 AM (IST)
विज्ञापन
दो दर्जन गांवों के लोगों को तय करनी पड़ रही पांच किमी अतिरिक्त दूरी, विभाग ने साधी चुप्पी

कुड़ू : पथ निर्माण विभाग, जिला प्रशासन व जनप्रतिनिधियों की लापरवाही से टाटी-कैरो भाया चट्टी सड़क निर्माण दो साल से अधूरी पड़ी है. टाटी मोड़ से कैरो तक सड़क निर्माण में आधे दर्जन स्थानों पर पुलिया निर्माण के लिए पांच माह पहले गड्ढे खोद छोड़ दिये गये हैं. हैरानी की बात यह है कि पुलिया […]

विज्ञापन

कुड़ू : पथ निर्माण विभाग, जिला प्रशासन व जनप्रतिनिधियों की लापरवाही से टाटी-कैरो भाया चट्टी सड़क निर्माण दो साल से अधूरी पड़ी है. टाटी मोड़ से कैरो तक सड़क निर्माण में आधे दर्जन स्थानों पर पुलिया निर्माण के लिए पांच माह पहले गड्ढे खोद छोड़ दिये गये हैं. हैरानी की बात यह है कि पुलिया निर्माण के पहले ठेकेदार ने बगैर डायवर्सन बनाये पुलिया को तोड़ गड्ढा खोद दिया. नतीजा बारिश होते चलने लायक बनी सड़क कीचड़ में तब्दील हो गयी है. इससे दो दर्जन गांवों के ग्रामीणों को कुड़ू प्रखंड मुख्यालय, जिला मुख्यालय व कुड़ू बाजार आने के लिए पांच किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है.

ग्रामीणों व किसानों की समस्या से बेपरवाह विभाग चुप्पी साधे है. बताया जाता है कि पथ निर्माण विभाग लोहरदगा अवर प्रमंडल के अधीन संचालित लगभग 60 करोड़ की लागत से बनने वाली टाटी-कैरो भाया चट्टी सड़क का निर्माण दो साल पहले शुरू किया गया था. सड़क में कालीकरण का काम बाकी रह गया है. पांच माह पूर्व पहले आधे दर्जन स्थानों पर पुलिया निर्माण के लिए सड़क में गड्ढा खोदा गया था. पांच माह बाद पुलिया का निर्माण होना तो दूर पुलिया निर्माण का कार्य शुरू भी नहीं कराया गया है.
विभाग की लापरवाही का उदाहरण यह है कि पुलिया निर्माण के पहले डायवर्सन नहीं बनाया गया. खेतों में मशीन द्वारा सड़क से वाहन उतरने व चढ़ने लायक बना कर छोड़ दिया गया. डायवर्सन नहीं बनने से हालत यह हो गयी है कि खेत मालिकों ने पहले खेतों में बनी सड़क को बंद कर दिया. हल्की बारिश में खेतों में बनी सड़क कीचड़ से भर जा रही है. बाइक सवार कीचड़ में बाइक समेत गिर जा रहे है. चार पहिया वाहन बारिश होने के बाद नहीं चल पा रहे है.
इन गांवों के लोगों को हो रही है परेशानी : टाटी-कैरो मुख्य पथ कुड़ू, कैरो व भंडरा प्रखंड के दो दर्जन गांवों की लाइफ लाइन यह सड़क मानी जाती है. इनमें कुड़ू प्रखंड के दोबाबर टोली, उर्मी, सिंजो, डुमरटोली , सुकुरहुटू कैरो प्रखंड के सढ़ाबे, ऐडादोन, कैरो, नदी नगड़ा, नगड़ा, बसरी, नावाटोली, उतका, खंडा, बंडा नगजुआ, आकाशी, रामपुर, नामनगर, टाटी, खरता समेत अन्य गांवों के ग्रामीण व किसान इस सड़क से कुड़ू बाजार आते है. ग्रामीण प्रखंड व जिला मुख्यालय आते-जाते है. दोबा बरटोली के समीप पुलिया निर्माण के लिए गड्ढा खोद कर छोड़ देने व डायवर्सन नहीं बनाने से ग्रामीणों, व किसानों को पांच किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है. ग्रामीण व किसान अपनी फसलों को कोलसिमरी पंचायत के रोन्हैया होते हुए टाटी होकर कुड़ू बाजार पहुंच रहे है. पांच किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करने में माल किराया अधिक ज्यादा लिया जा रहा है.
पुलिया बनाने के लिए पांच माह पहले से खोद दिया गड्ढा, नहीं बनाया डायवर्सन
खोदे गये गड्ढे से एक की मौत व कई हो चुके हैं घायल
सड़क के बीचोबीच पुलिया निर्माण के लिए पांच माह पहले खोदे गये गड्ढे से टाटी-कैरो मुख्य पथ पर एक कार चालक युवक की सड़क हादसे में मौत हो चुकी है. जबकि कई बाइक सवार गिर कर घायल हो चुके हैं. शायद पथ निर्माण विभाग व जिला प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है.
मामला गंभीर, जांच करा कर करेंगे कार्रवाई : डीसी
इस मामले में पूछे जाने पर उपायुक्त बिनोद कुमार ने कहा कि मामला गंभीर है. किस कारण से पुलिया निर्माण के लिए पांच माह से गड्ढा खोद कर छोड़ दिया गया है व सड़क निर्माण अधूरा है. इसकी जांच करा कर दोषी पर कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि पथ निर्माण विभाग से इसकी जानकारी ले रहे है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola