चार दिनों से जंगली हाथी लोगों के लिए बना है परेशानी का सबब

चार दिनों से जंगली हाथी लोगों के लिए बना है परेशानी का सबब
लातेहार ़ एक जंगली हाथी विगत चार दिनों से महुआडांड़ और बारेसाढ़ के इलाके के लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है. शनिवार को हाथी बारेसांढ़ थाना क्षेत्र में एक यात्री बस को करीब तीन घंटे तक अपने कब्जे में रखा. जानकारी के अनुसार जंगली हाथी सड़क पर चल रहा था. उसके पीछे लोगों का हुजूम चल रहा था. इसी दौरान लातेहार से महुआडांड़ जा रही यात्री बस के चालक ने जब सड़क पर हाथी को आता देखा तो उसने गाड़ी रोक दी. उसने बस के सभी यात्रियों को गाड़ी से निकल कर सुरक्षित जगह पर जाने की सलाह दी. थोड़ी देर में हाथी यात्री बस के पास पहुंचा और बस की खिड़की और गेट तोड़कर बस में यात्रियों द्वारा रखे गये खाने-पीने के समान को चट कर गया. कई यात्रियों ने बताया कि बस में उनका छठ का प्रसाद भी रखा हुआ था. उसे भी हाथी खा गया. करीब तीन घंटे के बाद वन विभाग की टीम उसे वहां से खदेड़ने में सफल रही. हाथी ने बारेसांढ़ के कई ग्रामीणों के घर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है. बताया जाता है कि वह हाथी अपने झुंड से बिछड़ गया है और शहरी इलाका में घुस गया है. हाथी जहां भी जाता है लोगों का हुजूम उसके पीछे चलता है, इस कारण वन विभाग के कर्मियों को रेस्क्यू करने में परेशानी हो रही है. रेंजर नंदकुमार महतो ने बताया कि जंगली हाथी के आने की सूचना के बाद ग्रामीणों की इतनी भीड़ जमा हो जाती है कि वन विभाग को राहत कार्य चलाने में भी परेशानी होती है. स्थानीय लोग अनावश्यक भीड़ लगा रहे हैं, जिससे हाथी भी परेशान हो जा रहा है. हाथी को खाली रास्ता नहीं मिलने के कारण उसे जंगल की ओर भागने में भी वन विभाग को परेशानी हो रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




