बकरी चोरी कर जंगल में भाग रहे थे दो संदिग्ध, ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ा; पुलिस को सौंपा
झारखंड के हेरहंज में ग्रामीणों ने इनातू जंगल से दो बकरी चोरों को रंगे हाथों पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर चोरी में इस्तेमाल ऑटो जब्त कर लिया है।
लातेहार: लातेहार के हेरहंज थाना क्षेत्र के इनातू गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को इनातू जंगल से दो संदिग्ध बकरी चोरों को खदेड़कर पकड़ लिया. बाद में पुलिस के हवाले कर दिया. ग्रामीणों की सतर्कता से दोनों आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली.
जानकारी के अनुसार, इनातू गांव के कुछ ग्रामीण बकरी चराने के लिए जंगल गए थे. इसी दौरान उन्होंने दो अनजान युवकों को बकरी लेकर जंगल में घूमते देखा. ग्रामीणों को दोनों पर संदेह हुआ और वे उनके पास जाने लगे. ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख दोनों व्यक्ति बकरी छोड़कर भागने लगे. इसके बाद चरवाहों ने दोनों का पीछा किया और उन्हें पकड़कर चार बकरियों के साथ गांव ले आए. दोनों चोर पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र का बताय जा रहा है.
ग्रामीणों ने घटना की सूचना हेरहंज पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना ले गई. पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक ऑटो भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल बकरी चोरी की घटना में किया गया था.
इस संबंध में थाना प्रभारी सतेंद्र कुमार ने बताया कि इनातू गांव के ग्रामीणों ने दो बकरी चोरी के संदिग्धों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









