बारियातू केमवि में मध्याह्न भोजन बंद, भूखे लौट रहे हैं बच्चे

उत्क्रमित मध्य विद्यालय गाड़ी में पिछले 10 दिनों से छात्र-छात्राओं को मिलनेवाला मध्याह्न भोजन ठप है. इसे लेकर मंगलवार को छात्र-छात्राओं ने आक्रोश जताया.
बारियातू. उत्क्रमित मध्य विद्यालय गाड़ी में पिछले 10 दिनों से छात्र-छात्राओं को मिलनेवाला मध्याह्न भोजन ठप है. इसे लेकर मंगलवार को छात्र-छात्राओं ने आक्रोश जताया. बच्चों ने बताया कि पिछले करीब 10 दिन से उन्हें भोजन नहीं मिल रहा है. भूखे पेट घर लौटना पड़ रहा है. इधर, अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है. कहा कि विद्यालय खुलने के बाद शिक्षक आते हैं और बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कर वापस चले जाते हैं. इससे बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है. पिछले 10 दिन से विद्यालय की रसोइया भोजन बनाने भी नहीं आ रही है. ज्ञात हो कि विद्यालय में 166 विद्यार्थियों का नामांकन है. ग्रामीणों के अनुसार मध्याह्न भोजन ठप होने से बच्चों के पोषण और उपस्थिति पर भी प्रभाव पड़ रहा है. विद्यालय में चार शिक्षकों के रहने के बाद भी स्थिति दयनीय है. विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष शिवराज कुमार गंझू ने बताया कि विद्यालय में दो रसोइया प्रमिला देवी व कविता देवी हैं. पिछले एक वर्ष से इन्हें मानदेय नहीं मिला है. अब ये खाना बनाने से इनकार कर रही हैं. मुखिया सरिता देवी ने कहा कि दस दिन से बच्चों को भोजन नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है. उपायुक्त से मामले की जांच करवाकर कार्रवाई की मांग की. क्या कहते हैं प्रधानाध्यापक: स्कूल के प्रधानाध्यापक उपेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें विभाग की ओर से मैट्रिक व इंटर की परीक्षा में ड्यूटी पर लगाया गया है. विद्यालय का प्रभार सुनील कुमार को सौंपा गया है. मध्याह्न भोजन योजना बंद होने की जानकारी नहीं है. वहीं प्रभारी प्रधानाध्यापक सुनील कुमार ने कहा कि रसोइया नहीं आ रही है. अध्यक्ष से साथ मिलकर बाहर से लाकर बच्चों को कुछ न कुछ खिलाया जा रहा है. क्या कहते हैं बीइइओ : प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मध्याह्न भोजन बंद होना गंभीर मामला है. मामले की जानकारी मिली है. इस पर अविलंब जांच कर उचित कार्रवाई की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




