जर्जर और कीचड़युक्त सड़क के कारण मजदूर का शव खाट से पहुंचाया उसके घर

जर्जर और कीचड़युक्त सड़क के कारण मजदूर का शव खाट से पहुंचाया उसके घर
लातेहार ़ सदर प्रखंड के मोंगर पंचायत के घुटवा गांव निवासी चंद्रशेखर सिंह (45) पिता स्व सुखदेव सिंह की मौत छत्तीसगढ़ के रायपुर में सड़क दुर्घटना में हो गयी थी. मृतक के परिजनों के अनुसार चंद्रशेखर शनिवार देर शाम मजदूरी कर अपने कमरे में लौट रहा था. इसी दौरान रायपुर के एक चौक को पार करने के दौरान अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने गंभीर अवस्था में उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया. लेकिन इलाज के दौरान रविवार की सुबह उनकी मौत हो गयी. परिजनों को मौत की सूचना मिली. इसके बाद शव को मंगलवार की सुबह घुटवा गांव लाया गया. लेकिन शव को घर तक पहुंचाने में ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. मोंगर से डेमू रेलवे स्टेशन तक की सड़क अत्यंत जर्जर और कीचड़ युक्त होने के कारण एंबुलेंस मृतक के घर से लगभग एक किलोमीटर पहले ही कीचड़ में फंस गया. जिसे ग्रामीणों और परिजनों ने निकालने का काफी प्रयास किया. लेकिन सड़क की दुर्दशा के कारण सफलता नहीं मिली. अंततः ग्रामीणों ने खाट (चारपाई) पर शव रखकर लगभग एक किलोमीटर पैदल चल शव उसके घर तक पहुंचाया. गांव पहुंचते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया. पत्नी और बच्चे बिलख-बिलखकर रोने लगे. पूरे गांव में शोक की लहर फैल गयी. पूर्व पंचायत समिति सदस्य पिंटू रजक तथा ग्रामीणों ने इस घटना को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताया है. उन्होंने कहा कि कई बार स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से उक्त सड़क की मरम्मत करने की गुहार लगायी गयी है. लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. नतीजतन ग्रामीणों को आये दिन इस तरह की समस्या का सामना करना पड़ता है. उन्होंने प्रशासन से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




