ePaper

रूद जंगल में दफनाया गया महिला का शव बरामद

Updated at : 18 Jan 2026 10:41 PM (IST)
विज्ञापन
रूद जंगल में दफनाया गया महिला का शव बरामद

रूद जंगल में दफनाया गया महिला का शव बरामद

विज्ञापन

बारियातू़ थाना क्षेत्र अंतर्गत डाढ़ा पंचायत के रूद मोड़ के समीप एक गड्ढे से दबे एक महिला का शव रविवार को पुलिस ने बरामद किया है. मृतका की पहचान सदर पंचायत के लोदमदाग टोला निवासी स्व रामेश्वर उरांव के पुत्र संतोष उरांव की पत्नी मोनिका कुमारी (19 वर्ष) के रूप में की गयी है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया. बुधवार को रिम्स में मोनिका की मौत हो गयी थी : परिजनों की माने तो संतोष उरांव पिछले चार वर्षों से बनारस स्थित एक ईंट भट्ठे में मजदूरी करता है. लोहरदगा जिले के दुलहूर सरनाटोला (किस्को) निवासी लक्षु उरांव की पुत्री मोनिका कुमारी से उसका प्रेम विवाह हुआ था. दोनों परिवार की सहमति से पति-पत्नी साथ रह रहे थे. इस दौरान मोनिका गर्भवती हो गयी. अगस्त 2025 में संतोष अपनी पत्नी मोनिका व सास सुनीता देवी के साथ लोदमदाग (बारियातू) आकर रहने लगा. सोमवार को मोनिका की तबीयत अचानक बिगड़ गयी व मिर्गी जैसे दौरे के साथ अचेत हो गयी. परिजन उसे आनन-फानन में निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदवा ले गये. जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे सदर अस्पताल लातेहार रेफर कर दिया गया. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान स्थिति और बिगड़ने पर चिकित्सकों ने 108 एंबुलेंस से रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया था. रिम्स में दो दिनों तक इलाज के दौरान बुधवार को मोनिका की मौत हो गयी. उसकी मृत्यु के बाद परिजन शव को पैतृक गांव लोदमदाग ले आये. आदिवासी परंपरा के अनुसार गांव की सीमा से बाहर शव को दफनाया गया : मोनिका के गर्भवती होने के कारण आदिवासी परंपरा के अनुसार गांव की सीमा से बाहर रूद जंगल में उसे दफना दिया. आशंका जतायी जा रही है कि किसी जंगली जानवर ने दफनाये गये शव के ऊपर डाली गयी मिट्टी हटा दी. इससे शव बाहर दिखने लगा. रविवार को पूरे प्रखंड में रूद जंगल में अज्ञात शव होने की अफवाह फैल गयी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर लिया. बेटी की अचानक तबीयत खराब होने से इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गयी : लक्षु उरांव : इस संबंध में मृतका के पिता लक्षु उरांव ने बताया कि उनका परिवार बनारस में ही ईंट भट्ठे में काम करता है. उन्होंने अपनी बेटी का प्रेम विवाह गाड़ी ग्राम निवासी संतोष उरांव से कराया था. अचानक तबीयत खराब होने से इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गयी. इस संबंध में थाना प्रभारी रंजन पासवान ने बताया कि मृतका के परिजनों ने कथित भूत-प्रेत के डर से गांव के बाहर शव दफन किया था. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SHAILESH AMBASHTHA

लेखक के बारे में

By SHAILESH AMBASHTHA

SHAILESH AMBASHTHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola