कोडरमा स्टेशन पर चलती ट्रेन से उतरने के दौरान हादसा, आरपीएफ की तत्परता से बची यात्री की जान

Updated:
विज्ञापन
कोड ओके: चलती ट्रेन से उतरते समय यात्री घायल, आरपीएफ ने बचायी जान

घायल को ले जाते आरपीएफ जवान. | Prabhat Khabar Network

Koderma News: कोडरमा रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से उतरते समय एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया. आरपीएफ जवानों की तत्परता से यात्री की जान बच गई.

विज्ञापन

Koderma News: झारखंड में कोडरमा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर शनिवार सुबह चलती ट्रेन से उतरने के दौरान एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद मौके पर मौजूद आरपीएफ जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घायल व्यक्ति को ट्रेन के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद घायल व्यक्ति को परिजनों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. वहीं, आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई की परिजनों और यात्रियों ने सराहना की.

चेन पुलिंग के बाद ट्रेन रुकने पर मिली मदद

आरपीएफ के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10:36 बजे गाड़ी संख्या 12382 डाउन कोडरमा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर पहुंची थी. निर्धारित ठहराव के बाद ट्रेन अपने गंतव्य के लिए रवाना होने लगी. इसी दौरान किसी कारणवश ट्रेन में चेन पुलिंग हो गई और ट्रेन रुक गई. ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवानों को इसकी सूचना मिली, जिसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे. मौके पर सहायक उप निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह, आनंद कुमार सिंह, अशोक कुमार गुप्ता, महिला आरक्षी नीतू कुमारी और ड्रोन प्रशिक्षण के लिए पहुंचे आरक्षी राजेश पासवान ने स्थिति का जायजा लिया.

ट्रेन के नीचे आने से गंभीर रूप से घायल हुए मुस्ताक खान

जांच के दौरान पता चला कि जयनगर थाना क्षेत्र के खेसकरी निवासी 50 वर्षीय मुस्ताक खान अपनी बेटी और दामाद को ट्रेन में बैठाने के लिए स्टेशन पहुंचे थे. बताया गया कि ट्रेन खुलने के बाद वे उतरने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे प्लेटफॉर्म से नीचे चले गए. इस हादसे में उनका दाहिना पैर गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ जवानों ने बिना देर किए यात्रियों की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला. जवानों की सक्रियता से समय रहते राहत कार्य पूरा हो गया और एक बड़ा हादसा टल गया.

परिजनों ने आरपीएफ के प्रति जताया आभार

घटना के बाद घायल मुस्ताक खान के परिजन उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है. परिजनों ने आरपीएफ जवानों की तत्परता और मानवीय पहल की सराहना करते हुए उनका आभार जताया. यात्रियों ने भी कहा कि रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की सक्रियता के कारण घायल व्यक्ति को समय पर सहायता मिल सकी.

इसे भी पढ़ें: संत कोलंबा कॉलेज में उर्दू स्नातक नामांकन बंद होने से छात्रों में नाराजगी, सरकार से निर्णय वापस लेने की मांग

पांच मिनट तक स्टेशन पर रुकी रही ट्रेन

घटना के कारण गाड़ी संख्या 12382 डाउन करीब पांच मिनट तक कोडरमा स्टेशन पर रुकी रही. राहत कार्य पूरा होने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया. रेलवे अधिकारियों और आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें. थोड़ी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है.

इसे भी पढ़ें: हजारीबाग के बरकट्ठा में राजस्व कर्मचारियों की कमी से काम प्रभावित, भूमि और प्रमाण पत्र से जुड़े कार्य अटके


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola