हजारीबाग के बरकट्ठा में राजस्व कर्मचारियों की कमी से काम प्रभावित, भूमि और प्रमाण पत्र से जुड़े कार्य अटके

Author Reyej|Edited by Kumarvishwat Sen
Updated:
विज्ञापन
बरकट्ठा अंचल में राजस्व हल्का कर्मचारी के अभाव में राजस्व समेत अन्य कार्य ठप

फोटो कैप्शन 11 बरकट्ठा 1 में - बरकट्ठा प्रखंड सह अंचल कार्यालय. | Prabhat Khabar Network

Hazaribagh News: बरकट्ठा अंचल कार्यालय में राजस्व कर्मचारियों के रिक्त पदों के कारण भूमि संबंधी और प्रमाण पत्र बनाने जैसे जरूरी कार्य पूरी तरह से ठप हो गए हैं.

विज्ञापन

Hazaribagh News: झारखंड के हजारीबाग जिले के अंचल कार्यालय बरकट्ठा में राजस्व हल्का कर्मचारियों की कमी के कारण इन दिनों आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. राजस्व कर्मियों के अभाव में भूमि संबंधी कार्यों से लेकर जाति, आवासीय और आय प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है. कई महत्वपूर्ण कार्य लंबित पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों को बार-बार अंचल कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है.

छह हल्कों में सभी राजस्व कर्मचारी के पद खाली

जानकारी के अनुसार बरकट्ठा अंचल कार्यालय के अधीन छह राजस्व हल्का बनाए गए हैं. इन सभी हल्कों में राजस्व कर्मचारी के पद वर्तमान में रिक्त हैं. राजस्व कर्मचारियों के नहीं रहने के कारण अंचल क्षेत्र में जमीन से जुड़े कार्यों का निष्पादन नहीं हो पा रहा है. बताया जाता है कि अंचल कार्यालय में हल्का कार्यों के संचालन के लिए पिछले करीब दो वर्षों से केवल दो राजस्व कर्मचारियों की नियुक्ति की गई थी. इन्हीं के माध्यम से पूरे अंचल क्षेत्र के कार्यों को किसी तरह संचालित किया जा रहा था. लेकिन अब दोनों कर्मचारियों का स्थानांतरण हो जाने के बाद व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है.

तबादले के बाद भी नहीं दिया योगदान

स्थानीय लोगों के अनुसार एक राजस्व कर्मचारी का तबादला बरकट्ठा अंचल कार्यालय में किया गया है, लेकिन अब तक उन्होंने अपना योगदान नहीं दिया है. इसके कारण अंचल कार्यालय में राजस्व संबंधी कार्यों का निष्पादन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. भूमि सत्यापन, दाखिल-खारिज, रजिस्टर से जुड़े कार्य सहित अन्य राजस्व मामलों के निष्पादन में परेशानी हो रही है. इसके अलावा जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र और आय प्रमाण पत्र बनाने में भी देरी हो रही है. इससे विद्यार्थियों, नौकरी के इच्छुक युवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

आम लोगों को हो रही परेशानी

ग्रामीणों का कहना है कि प्रमाण पत्र और जमीन संबंधी कार्यों के लिए अंचल कार्यालय पहुंचने के बाद भी समय पर काम नहीं हो पा रहा है. कई लोग जरूरी दस्तावेजों के लिए लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं. लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बरकट्ठा अंचल कार्यालय में जल्द से जल्द राजस्व कर्मचारियों की पदस्थापना की जाए, ताकि लंबित कार्यों का निष्पादन हो सके. प्रशासनिक व्यवस्था में सबसे बुनियादी कड़ी माने जाने वाले राजस्व कर्मचारी ही गायब हों तो कागजों का पहाड़ खड़ा होना कोई रहस्य नहीं, आखिर सरकारी फाइलें भी बिना हस्ताक्षर के चलना सीख नहीं पाई हैं.

इसे भी पढ़ें: चतरा-सिमरिया रोड पर विराजपुर के पास40 घंटे से सड़क जाम, CRPF जवान की मौत के बाद फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

सीओ ने जल्द व्यवस्था सुधारने का दिया भरोसा

इस संबंध में बीडीओ सह अंचल अधिकारी सुमन कुमार सौरभ ने बताया कि अंचल में हल्का कर्मचारी नहीं होने के कारण राजस्व संबंधी कार्य बाधित हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि राजस्व कर्मचारियों की पदस्थापना होने के बाद कार्यों का निष्पादन सुचारू रूप से शुरू हो जाएगा. अंचल प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही कर्मचारियों की कमी दूर होगी और लंबित पड़े राजस्व कार्यों का निपटारा किया जा सकेगा.

इसे भी पढ़ें: संत कोलंबा कॉलेज में उर्दू स्नातक नामांकन बंद होने से छात्रों में नाराजगी, सरकार से निर्णय वापस लेने की मांग


विज्ञापन
Reyej

लेखक के बारे में

By Reyej

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola