कोडरमा के कॉलेजों को गिरिडीह से जोड़ने के विरोध में आंदोलन तेज, विधानसभा में मुद्दा उठाने का आश्वासन

मांग पत्र सौंपते प्रतिनिधि मंडल. | Prabhat Khabar Network
जेजे कॉलेज कोडरमा को विनोबा भावे विश्वविद्यालय से जोड़े रखने की मांग को लेकर संघर्ष समिति ने विधायक सुरेश बैठा को ज्ञापन सौंपा। छात्रों के भविष्य पर चर्चा।
कोडरमा बाजार: जेजे कॉलेज सहित कोडरमा जिले के तमाम डिग्री कॉलेजों को विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग से हटाकर गिरिडीह से संबद्ध किये जाने के विरोध में शनिवार को जेजे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति कोडरमा के प्रतिनिधिमंडल ने रांची स्थित कांके आवास पर कांके विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक सुरेश बैठा से मुलाकात की.
इस दौरान उन्हें मांगपत्र सौंपा गया. प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश रजक, समिति के अध्यक्ष महेश भारती व सह सचिव मो. अली शाद शामिल थे. प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को अवगत कराया कि विश्वविद्यालय परिवर्तन से कोडरमा जिले के हजारों छात्र-छात्राओं के समक्ष उच्च शिक्षा, आर्थिक बोझ, आवागमन तथा भविष्य को लेकर गंभीर समस्याएं उत्पन्न होंगी, जिस पर विधायक सुरेश बैठा ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि वे झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र में शून्यकाल के दौरान इस महत्वपूर्ण जनहित एवं छात्रहित के मुद्दे को मजबूती से उठायेंगे.
उन्होंने कहा कि उनका पूरा प्रयास रहेगा कि कोडरमा जिले के डिग्री कॉलेजों की संबद्धता विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग में ही बनी रहे. इसी क्रम में प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस के राज्य प्रवक्ता एवं कोडरमा निवासी मो. शकील अंसारी से भी मुलाकात की.
उन्होंने भी कोडरमा की शिक्षा व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए छात्र आंदोलन के प्रति अपना पूर्ण समर्थन देने तथा पार्टी स्तर पर इस मुद्दे को विधानसभा में प्रभावी ढंग से उठवाने का आश्वासन दिया. समिति ने सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से इस जनहित के अभियान में आगे आकर सहयोग देने की अपील की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










