उल्लासपूर्ण माहौल में मनायी गयी ईद
Published by : DEEPESH KUMAR Updated At : 21 Mar 2026 9:22 PM
मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए अकीदतमंदों की भीड़ उमड़ पड़ी.
जयनगर. प्रखंड में ईद का त्योहार उल्लासपूर्ण माहौल में मनाया गया. मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए अकीदतमंदों की भीड़ उमड़ पड़ी. नमाज के बाद लोग गले मिले और ईद की बधाई दी. ईद को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखा गया. त्योहार को लेकर प्रशासन मुस्तैद नजर आया. संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनात की गयी थी. इस दौरान इंस्पेक्टर सुजीत कुमार, अंचल अधिकारी सारांश जैन, प्रखंड विकास पदाधिकारी गौतम कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक केडी प्रसाद, आशीष हांसदा सहित पुलिस के कई जवान तैनात थे. इधर, विधायक अमित कुमार यादव, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जानकी यादव, प्रमुख अंजु देवी, जिप सदस्य केदारनाथ यादव, युवा समाजसेवी सुरेंद्र भाई मोदी, राजकुमार यादव, युवा नेता उमेश यादव ने लोगों को ईद की बधाई दी है.
सतगावां में शांति व सौहार्द्र के साथ मनी ईद
सतगावां. प्रखंड में ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास व भाईचारे के साथ मनाया गया. बासोडीह, रजघटी, शिवपुर, माधोपुर, मीरगंज, राजाबर, डेबोडीह, अंगार दोनैया आदि जगहों पर स्थित मस्जिदों व ईदगाहों में निर्धारित समय पर मुस्लिम धर्मावलंबियों ने अकीदत के साथ ईद की विशेष नमाज अदा की. वहीं सजदे में शीश झुकाया और मुल्क में अमन चैन, शांति, भाईचारगी व उन्नति की दुआ मांगी. इस दौरान लोगों ने गले मिलकर एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी. वहीं हिंदू भाइयों ने भी उनके त्योहार में शामिल होकर भाईचारगी व गंगा यमुना तहजीब की मिसाल पेश करते हुए मुस्लिम भाइयों से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी. नमाज के बाद लोगों ने अपने-अपने घरों में परिजनों व मेहमानों के साथ लजीज व्यंजनों तथा सेवई का आनंद लिया. त्योहार को लेकर प्रखंड प्रशासन मुस्तैद दिखा. बीडीओ ओमप्रकाश बड़ाइक ,सीओ केशव प्रसाद चौधरी, थाना प्रभारी सौरभ कुमार शर्मा, एमओ विकास कुमार साहू, सीआई पवन साहू पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाये हुए थे. मौके पर बीस सूत्री अध्यक्ष विजय सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि रामावतार चौधरी, मुखिया मंटू चौधरी, बीरेंद्र राय, विनोद यादव, शंकर यादव, शैलेश पासवान समेत कई लोग मौजूद थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










