प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान समारोह : जिले के 376 मेधावी बच्चे हुए सम्मानित
Updated at : 21 Jul 2016 6:03 AM (IST)
विज्ञापन

कोडरमा : जिले के प्रतिभाशाली बच्चों के लिए बुधवार का दिन यादगार रहा. हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान समारोह में बच्चों की प्रतिभा को सम्मान का तिलक लगा. सम्मान समारोह का आयोजन झुमरीतिलैया बाइपास स्थित शिव वाटिका में किया गया था. मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त संजीव कुमार […]
विज्ञापन
कोडरमा : जिले के प्रतिभाशाली बच्चों के लिए बुधवार का दिन यादगार रहा. हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान समारोह में बच्चों की प्रतिभा को सम्मान का तिलक लगा. सम्मान समारोह का आयोजन झुमरीतिलैया बाइपास स्थित शिव वाटिका में किया गया था.
मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त संजीव कुमार बेसरा, विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक जी क्रांति कुमार, डीएफओ मिथिलेश कुमार सिंह, जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता व सम्मानित अतिथि के रूप में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात कुमार बरदियार शामिल थे. एसपी जी क्रांति कुमार, जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता, डीएफओ एमके सिंह व एसडीओ प्रभात कुमार बरदियार ने संयुक्त रूप से दीप जला कर कार्यक्रम की शुरुआत की.
इसके बाद नटराज कला केंद्र के बच्चों ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर समां बांधा. समारोह में पहुंचे अतिथियों ने झारखंड बोर्ड, सीबीएसइ 10वीं, 12वीं के जिला टॉपरों के साथ ही सीबीएसइ बोर्ड 10वीं में 10 सीजीपीए लाने वाले विद्यार्थियों व 10वीं में विभिन्न सरकारी स्कूलों के तीन टॉपरों को मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया. समारोह में मेडिकल व सीए में सफल दो छात्रों के साथ ही 376 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम का संचालन ग्रिजली विद्यालय के प्राचार्य एसके सिन्हा ने किया. कार्यक्रम के स्थानीय प्रायोजक रामगोविंद इंस्टीट्यूट आॅफ टेक्नोलॉजी कोडरमा, स्वामी विवेकानंद सेंट्रल पब्लिक स्कूल चाराडीह, कोडरमा आयरन एंड स्टील मैन्यूफेक्चरिंग एसोसिएशन व सूर्या टेक्नोलॉजी झुमरीतिलैया थे. इससे पूर्व खचाखच भरे शिव वाटिका के हॉल में अतिथियों का स्वागत किया गया. तालियों की गड़गड़हाट व बच्चों की मुस्कान ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिया.
समारोह में उपस्थित लोग
समारोह में क्लरोफिल के निदेशक अजय अग्रवाल, लील चैंप के निदेशक मनोज कुमार, शारदंबा स्कूल के निदेशक अशोक चौरसिया, आदर्श विद्यालय के निदेशक धानेश्वर शर्मास्वामी विवेकानंद सेंट्रल पब्लिक स्कूल चाराडीह के निदेशक अनिल कुमार, चाइल्ड प्रोग्रेसिव स्कूल के निदेशक तौफिक हुसैन, विक्रमशिला विद्यापीठ के निदेशक निशांत कुमार, संजीवनी एकेडमी चंदवारा के निदेशक संजीव कुमार, परियोजना बालिका उवि कोडरमा के प्रधानाध्यापक नवल किशोर सिंह, आदर्श शिशु प्लस टू उवि बाघमारा जयनगर के व्यवस्थापक रामदेव प्रसाद यादव, आइडियल प्रोग्रेसिव पावर हाउस के निदेशक कन्हाय चंद्र यादव, आदर्श प्लस टू उवि मधवाटांड़ के प्राचार्य पुनीत यादव, सपा जिलाध्यक्ष सुभाष राणा, अशोक सिंह, राजद प्रखंड अध्यक्ष राजकुमार यादव, बसपा के वरिष्ठ नेता सईद नसीम, मुकेश राणा, पार्षद पिंकी जैन, शैलेंद्र कुमार अभय, नवीन जैन, नीरज सिंह, शारदा स्कूल मंडुआटांड़ के निदेशक शंभु शरण शर्मा, महेंद्र यादव, टिंकू मिश्रा, डाॅ अभिलाषा गुप्ता, सूर्या टेक्नोलॉजी के सौरभ कुमार समेत काफी संख्या में महिला, पुरुष व बच्चे मौजूद थे.
कोडरमा : झुमरीतिलैया के शिव वाटिका में बुधवार को आयोजित प्रभात खबर का प्रतिभा सम्मान समारोह में जहां मेधावी बच्चों को सम्मानित किया गया, वहीं इस दौरान प्रस्तुत किये गये सांस्कृतिक कार्यक्रम ने अलग ही समां बांध दिया.
कार्यक्रम की शुरुआत में नटराज कला केंद्र की विशाखा भदानी, निक्की, निशि, वैष्णवी, आकांक्षा व अदिति ने वेलकम क्लासिकल नृत्य प्रस्तुत किया, तो वहीं स्वामी विवेकानंद सेंट्रल पब्लिक स्कूल चाराडीह की अनमोल, संजू, ममता, सकिना, आरजू, छोटी, शिवानी, फरजाना, रौशनी द्वारा प्रस्तुत नाटक बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ ने सभी का दिल जीत लिया. नाटक ने समारोह में उपस्थित लोगों को बेटियों को बचाने का संदेश दिया. समारोह के अंत में नटराज कला केंद्र की आरिनी भदानी ने सॉरी, सॉरी पर अपनी प्रस्तुति दी. मुख्य अतिथि उपायुक्त संजीव कुमार बेसरा ने नटराज कला केंद्र के निदेशक राजेश भदानी, संचालन करनेवाले एसके सिन्हा को भी सम्मानित किया. कार्यक्रम के स्थानीय प्रायोजक को भी स्मृति चिह्न भेंट किया गया.
बच्चों व अभिभावकों के चेहरे पर दिखी खुशी : सम्मान समारोह में मेधावी बच्चों को सम्मानित किया गया, तो बच्चों के साथ ही उनके अभिभावकों के चेहरे पर भी खुशी दिखी. कई बच्चों के बाहर रहने के कारण उनकी जगह पर अभिभावकों ने मेडल व प्रमाण पत्र ग्रहण किया. यह पल गौरवपूर्ण रहा. कार्यक्रम के दौरान तालियों की गड़गड़हाट से हौसला बढ़ाया गया. सैनिक स्कूल तिलैया के कैडेटों ने एक साथ आकर अनुशासन की मिसाल पेश की.
उपायुक्त संजीव कुमार बेसरा ने कहा कि प्रभात खबर द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सराहनीय है. उन्होंने कहा कि जब हम प्रतिभा का सम्मान करते हैं, तो उसे आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं. उन्होंने कहा कि सफलता के लिए सही समय पर सही फैसला लेना जरूरी है.
उन्होंने बच्चों को पढ़ाई में एक-दूसरे का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया. डीसी ने कहा कि अभिभावक भी अपने बच्चों पर भरोसा करें. बच्चा जिस क्षेत्र में जाना चाहता है, उसे वहीं करने दें. अपनी सोच को बच्चों पर थोपने का काम नहीं करें. उन्होंने कहा कि छात्र जीवन में भटकाव भी है, मगर एकाग्रता बनाये रखें. डीसी ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि पूर्व के कछुआ व खरगोश की कहानी को नहीं दोहरा कर आधुनिक युग के कछुआ व खरगोश की कहानी को अपने जीवन में उतारें.
जीवन में अनुशासन सबसे ज्यादा जरूरी : एसपी
पुलिस अधीक्षक जी क्रांति कुमार ने कहा कि इस आयोजन के लिए प्रभात खबर बधाई का पात्र है.साथ ही वे बच्चे भी बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने बेहतर सफलता हासिल की है. उन्होंने कहा कि शाॅर्ट कट से सफलता नहीं मिलती है. लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें. उन्होंने कहा कि 10वीं के बाद सही मायने में विद्यार्थियों का संघर्ष शुरू होता है. भविष्य में क्या बनना है, इसे सोच कर आगे बढ़ें और लक्ष्य पर पूरा ध्यान केंद्रीत करें. उन्होंने कहा कि जीवन में अनुशासन सबसे अधिक जरूरी है. एसपी ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि आगे बढ़ने के लिए हमेशा मेहनत करें, ताकि आप अपने परिवार व समाज का नाम रौशन कर सकें.
सफलता का कोई शाॅर्ट कट नहीं होता : डीएफओ
डीएफओ एमके सिंह ने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करने का प्रभात खबर की यह पहल सराहनीय है. परिश्रमी को सम्मानित करने से उनका उत्साह बढ़ता है. उन्होंने कहा कि बच्चों ने जो परिश्रम किया है. उसकी बदौलत उन्हें सम्मानित किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि सफलता का रास्ता हमेशा कठिन परिश्रम व लगन के बीच से होकर गुजरता है. सफलता का कोई शाॅर्ट कट नहीं होता. उन्होंने कहा कि किस्मत के भरोसे नहीं रहें, बल्कि मेहनत करें. आप अपनी क्षमता को पहचानें, अपनी रुचि को पहचानें तथा लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें. उन्होंने इस तरह के कार्यक्रम के लिए प्रभात खबर को बधाई दी.
परिश्रम से ही मिलती है सफलता: एसडीओ
एसडीओ प्रभात कुमार बरदियार ने कहा कि प्रभात खबर की यह पहल सचमुच सराहनीय है. सम्मानित होने वाले बच्चों का इससे उत्साह बढ़ेगा. उन्हें लगेगा कि उन्होंने जो परिश्रम किया उसकी बदौलत उन्हें यह सम्मान मिल रहा है. उन्होंने छात्रों से कहा कि 10वीं के बाद से ही आप लक्ष्य निर्धारित करें कि आप क्या करना चाहते हैं. उसी के आधार पर पढ़ाई करें और परिश्रम से सफलता हासिल करें, क्योंकि परिश्रम के बिना सफलता नहीं मिलती.
आज के बच्चे ही कल का भविष्य : जिप अध्यक्ष
जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता ने कहा कि प्रभात खबर लगातार पांच वर्षों से यह कार्यक्रम आयोजित कर रहा है. इसके लिए प्रभात खबर बधाई का पात्र है. विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाने का यह बेहतर प्रयास है. विद्यार्थी अपने अंदर प्रतिस्पर्धा की भावना रखें, ईष्या की नहीं.
आज हर क्षेत्र में सकारात्मक पहल की जरूरत है. आज के बच्चे अभिभावकों से कटते जा रहे हैं. जरूरत है कि वे अभिभावक को अपना दोस्त समझें और कड़ी मेहनत कर सफलता हासिल करें. उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही कल का भविष्य हैं. उन्हें संवारने में प्रभात खबर भी अपनी भूमिका निभा रहा है. जिप अध्यक्ष ने प्रभात खबर की पत्रिका मैं हूं कोडरमा व दोबारा लांच हुए पाक्षिक पंचायत नामा की भी तारीफ की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




