जामताड़ा में देशभक्ति का रंग, स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम का उद्घाटन करते बीरेंद्र मंडल व अन्य | Prabhat Khabar Network
जामताड़ा में स्वतंत्रता दिवस पर समाज कल्याण समिति के सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं. प्रतिभागियों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया.
जामताड़ा : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाज कल्याण समिति, जामताड़ा की ओर से अजित कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित भव्य सांस्कृतिक सह-अधिविद कार्यक्रम में देशभक्ति, संस्कृति और प्रतिभा का अद्भुत संगम देखने को मिला. नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर स्कूली छात्र-छात्राओं और विभिन्न डांस ग्रुपों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया.
कार्यक्रम का शुभारंभ समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष सह मुख्य अतिथि वीरेंद्र मंडल समेत अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया. इसके बाद देशभक्ति गीतों पर आधारित एकल एवं सामूहिक नृत्य प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया.
नित्यांचल डांस एकेडमी, सेंट एंथोनी स्कूल, नृत्य झंकार डांस अकादमी, सेंट्रल स्कूल जामताड़ा, विक्टर किंगडम डांस एकेडमी और दुलाडीह अनुसूचित जाति-जनजाति विद्यालय सहित विभिन्न विद्यालयों एवं डांस अकादमियों के प्रतिभागियों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं. बच्चों की प्रस्तुतियों पर परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा.
कार्यक्रम के दौरान 13 अगस्त को आयोजित प्रश्नमंच, चित्रकला तथा एकल एवं सामूहिक देशभक्ति नृत्य प्रतियोगिता के उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मोमेंटो, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. सभी प्रतिभागियों को भी मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया गया. राज्य स्तरीय खेलों में जामताड़ा का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया.
नृत्य प्रतियोगिता के निर्णायक चिन्मय चक्रवर्ती, टुम्पा तिवारी, नमिता कुंडू, राजेश मंडल एवं राजकिशोर मंडल रहे. मंच संचालन शिक्षाविद डी.डी. भंडारी ने किया. समिति की ओर से अतिथियों, वार्ड पार्षदों एवं शिक्षकों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया.
बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं, जरूरत है उन्हें मंच देने की
मुख्य अतिथि वीरेंद्र मंडल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का अवसर है. बच्चों और युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है. उन्होंने कहा कि देशभक्ति केवल 15 अगस्त और 26 जनवरी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे जीवन और व्यवहार का हिस्सा बनाना चाहिए.
उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए विद्यालयों, डांस अकादमियों, शिक्षकों, अभिभावकों, स्वयंसेवकों एवं समिति सदस्यों के प्रति आभार जताया. कार्यक्रम की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने एकता, विविधता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










