पंस की बैठक में उठा केजीवि की एक छात्रा की मौत का मामला

नारायणपुर. प्रखंड सभागार में प्रमुख अंजना हेंब्रम की अध्यक्षता में पंचायत समिति की बैठक हुई.
प्रतिनिधि, नारायणपुर. प्रखंड सभागार में प्रमुख अंजना हेंब्रम की अध्यक्षता में पंचायत समिति की बैठक हुई. बैठक में विभिन्न विभागों के अफसर व कर्मी उपस्थित रहे. इस दौरान शिक्षा, भूमि संरक्षण, आंगनबाड़ी चयन समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई. पंचायत समिति सदस्य पवन पोद्दार ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में वार्डन की लापरवाही का मामला उठाया. आरोप लगाया कि वार्डन की कार्यशैली के कारण एक छात्रा की मौत हुई. इससे पूर्व भी विद्यालय में कई घटनाएं हो चुकी है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर सुधार नहीं दिख रहा है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विद्यालय में खाद्य सामग्री की आपूर्ति पिछले 20 वर्षों से एक ही वेंडर द्वारा की जा रही है, जिसे बदलने की आवश्यकता है. प्रमुख अंजना हेंब्रम ने भूमि संरक्षण विभाग की ओर से कराए जा रहे तालाबों के जीर्णोद्धार में अनियमितता का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि जिन तालाबों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है, उनमें पारदर्शिता बरतने की जरूरत है. उपप्रमुख बीना देवी ने विभाग से चालू एवं पूर्व वित्तीय वर्ष में स्वीकृत तालाबों की सूची प्रमुख कार्यालय को उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि संबंधित पंचायत प्रतिनिधि स्थल निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आंकलन कर सके. इस पर विभागीय जेइ सत्यनारायण कुमार ने एक सप्ताह के भीतर सूची उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. उपप्रमुख बीना देवी ने आमजोरा आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका चयन में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना ग्राम सभा की स्वीकृति के चयन प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है. उन्होंने चयन को निरस्त करने की मांग की. बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन, आपूर्ति सहित अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गयी. मौके पर पंचायती राज पदाधिकारी पानसोर मरांडी, कल्याण पदाधिकारी दिवाकर कुमार, एमओ राजू रंजन, बीएओ राजेंद्र प्रसाद सिंह आदि मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




