Jamshedpur news. सर मेरे भाई व भतीजी को कुचलने वाले ट्रेलर का अब तक नहीं चला पता, न्याय दिलायें

Updated at : 16 Apr 2025 9:13 PM (IST)
विज्ञापन
Jamshedpur news. सर मेरे भाई व भतीजी को कुचलने वाले ट्रेलर का अब तक नहीं चला पता, न्याय दिलायें

बिष्टुपुर माइकल जॉन प्रेक्षागृह में लोगों ने अपनी समस्या जोनल आइजी के समझ रखी

विज्ञापन

Jamshedpur news.

सर मेरे भाई व भतीजी की जेम्को में सड़क हादसे में मौत हो गयी. घटना के दो माह से ज्यादा हो गया, लेकिन अब तक धक्का मारने वाले वाहन का पता नहीं चला है. हमें न्याय दिलायें. बारीगोड़ा निवासी सुदामा शर्मा ने बुधवार को उक्त बातें जोनल आइजी अखिलेश झा के समक्ष कही. सुदामा शर्मा के भाई कृष्णा शर्मा और भतीजी अंजली कुमारी का गत 11 फरवरी की रात टेल्को थाना अंतर्गत जेम्को में सड़क हादसे में मौत हो गयी थी. सुदामा शर्मा के अनुसार पुलिस अब तक धक्का मारने वाले वाहन का पता नहीं लगा सकी है. पुलिस द्वारा अब तक क्या कार्रवाई की गयी, इसकी भी जानकारी नहीं मिल रही है. यह सब कहते-कहते सुदामा शर्मा के आंख से आंसू छलक गये. जोनल आइजी अखिलेश झा ने सिटी डीएसपी से इस मामले में अद्यतन स्थिति की जानकारी परिवार को देने का निर्देश दिया. इसके अलावा जांच में तेजी लाने का भी निर्देश दिया.

बुधवार को बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में जिला पुलिस की ओर से जनशिकायत समाधान कार्यक्रम में जोनल आइजी अखिलेश झा हिस्सा लेने पहुंचे थे. कार्यक्रम के दौरान जोनल आइजी ने लोगों की समस्या सुनी व उसका समाधान करने का निर्देश दिया. इस दौरान बागबेड़ा के मनोज कुमार श्रीवास्तव ने आइजी से कहा कि मंगलवार को पड़ोसी दिनेश कुमार व उसके साथियों ने मेरे निर्माणाधीन मकान को सब्बल से तोड़ा. इसका बेटे ने विरोध किया, तो उनलोगों ने सब्बल से बेटे पर हमला कर दिया. इस मामले में बागबेड़ा थाना में शिकायत की गयी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई पुलिस की ओर से नहीं की गयी है. वहीं गोलमुरी रिप्यूजी कॉलोनी की रुपा जुनेजा ने बताया कि गत सितंबर माह में उनके घर में गहना व रुपये की चोरी हुई थी, जिसकी प्राथमिकी गोलमुरी थाना में की थी, लेकिन अब तक पुलिस चोरों का पता नहीं लगा सकी है. जोनल आइजी ने इस मामले में जांच तेजी से कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

ट्रैफिक जांच पर उठे सवाल

कार्यक्रम के दौरान अधिकांश लोगों ने ट्रैफिक पुलिस की जांच पर सवाल खड़े किये. रामनवमी अखाड़ा समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार ने कहा कि जिला पुलिस व सामाजिक संगठन के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है. मानगो के मो मतलूब ने कहा ट्रैफिक चेकिंग के नाम पर बुजुर्ग और महिलाओं को भी परेशान किया जाता है. इसमें सहूलियत करने की आवश्यकता है. बागबेड़ा के उपमुखिया सुनील गुप्ता ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस द्वारा सिर्फ मोटरसाइकिल की जांच की जाती है, जबकि टेंपो, स्कूल वैन व अन्य वाहनों का जांच नहीं की जाती है. सिदगोड़ा की रानी गुप्ता ने कहा कि चेकिंग के दौरान हेलमेट नहीं पहनने वाले लोगों को पुलिस जुर्माना के बदले हेलमेट देकर जागरूक कर सकती है. बागबेड़ा के ललन यादव ने कहा कि पूर्व में थाना में पुलिस पब्लिक समन्वय समिति द्वारा कई समस्या का समाधान किया जाता है. वर्तमान में फिर से उसे शुरु करने की आवश्यकता है.

पुलिस का काम अपराधी में खौफ व आम जनता से स्नेह करना है : जोनल आइजी

कार्यक्रम के दौरान जोनल आइजी अखिलेश झा ने कहा कि जनता दो तरह की होती है. इसमें एक प्रतिशत लोग आपराधिक चरित्र के होते हैं, जबकि बाकी लोग आम जनता होती है. पुलिस का खौफ अपराधियों में होनी चाहिये, जबकि आम जनता के प्रति स्नेह होना आवश्यक है. किसी मामले में दोनों पक्ष की बात सुनने पर न्याय करें. सिर्फ किसी को खुश करने का काम ना करें. जनता की सहयोग से बेहतर पुलिसिंग की जा सकती है. इस मौके पर चुटकी लेते हुए आइजी अखिलेश झा ने कहा कि पिछले दिनों कुछ डीएसपी मेरे पास अपने कनीय पदाधिकारी की शिकायत लेकर पहुंचे थे. तो मैंने उन्हें नसीहत दी कि तुमने जिस तरह से काम किया, उसी का फलाफल मिल रहा है.

हमारा प्रयास थाना स्तर पर ही समस्या का हो समाधान : एसएसपी

कार्यक्रम के दौरान एसएसपी किशोर कौशल ने कहा कि हमारा प्रयास है कि थाना स्तर पर ही समस्याओं का समाधान कर लिया जाये, ताकि लोगों को किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े. कार्यक्रम में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर, डीएसपी (सिटी) सुनील चौधरी, डीएसपी भोला प्रसाद, डीएसपी ट्रैफिक श्रीनिरज, डीएसपी (लॉ एंड ऑर्टर) तौकिर आलम समेत सभी थाना प्रभारी मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PRADIP CHANDRA KESHAV

लेखक के बारे में

By PRADIP CHANDRA KESHAV

PRADIP CHANDRA KESHAV is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola