यहां जानें आखिर क्यों दरवाजे पर लात मार पुलिस ने ग्रामीणों को जगाया
रामचंद्र का परिवार | Prabhat Khabar Network
गालूडीह के मिर्गीटाड़ गांव में पुलिस की छापेमारी से हड़कंप, ग्रामीणों ने मारपीट और बदसलूकी का लगाया आरोप. जानिए क्या है पूरा मामला और पुलिस का पक्ष.
गालूडीह | बाघुड़िया पंचायत के मिर्गीटाड़ गांव में शनिवार तड़के साढ़े तीन बजे पुलिस की अचानक दस्तक से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों के अनुसार करीब 20 पुलिस जवान वर्दी में गांव पहुंचे थे. जवानों के साथ खोजी कुत्ता भी था. पुलिस ने कई घरों के दरवाजे खटखटाये. ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ घरों के दरवाजे लात मारकर खुलवाये गये. पुरुषों को घर से बाहर निकालकर गांव के बीच ले जाया गया. इस दौरान नक्सली गतिविधियों को लेकर पूछताछ की गयी. ग्रामीण रामचंद्र किस्कु ने आरोप लगाया कि पुलिस जवानों ने हाथ पकड़कर उन्हें घर से बाहर निकाला. इसके बाद थप्पड़ मारा और हाथ मरोड़ दिया. उन्होंने बताया - जवान पूछ रहे थे कि गांव में नक्सलियों को देखा है या नहीं. न देखने की बात कहने पर उनके साथ मारपीट की गयी. ग्रामीणों के अनुसार, पुलिस ने कई घरों की तलाशी ली. मोबाइल फोन की जांच करने के साथ आधार कार्ड भी देखे गये. जवानों ने नक्सलियों की तस्वीरें दिखाकर उनकी पहचान करने को कहा.
पुरुषों को गांव के बीच ले जाकर की पूछताछ
सबानी किस्कु व शिवानी मार्डी ने बताया - दोनों महिला घर के अंदर सो रही थीं. उन्हें भी हाथ पकड़कर घर से बाहर निकाला गया और घर की तलाशी ली गयी. ग्रामीणों का कहना है कि गांव के पुरुषों को एक जगह एकत्र कर पुलिस ने नक्सलियों को खाना खिलाने का आरोप लगाया. उनसे गांव में नक्सलियों के आने-जाने को लेकर पूछताछ की गयी. ग्रामीणों के मुताबिक पुलिस करीब 30 मिनट तक गांव में रही.
काशीडीह और नरसिंहपुर में भी पहुंची पुलिस
ग्रामीणों ने बताया - शनिवार भोर में काशीडीह व नरसिंहपुर गांव में भी पुलिस पहुंची थी. वहां भी दरवाजा खुलवाकर ग्रामीणों से पूछताछ किये जाने का आरोप है. ग्रामीणों ने कहा कि नक्सल गतिविधियों की जांच से उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन रात के अंधेरे में घरों में पहुंचकर भय का माहौल बनाना और मारपीट उचित नहीं है. सुभाष मार्डी ने कहा कि दिनभर खेत में काम करने के बाद ग्रामीण रात में आराम करते हैं. ऐसे में पुलिस की कार्रवाई से ग्रामीण डरे हुए हैं. ग्रामीणों के अनुसार, इससे पहले भी करीब चार रात तक गांव में पुलिस की मौजूदगी रही थी और लोगों से पूछताछ की गयी थी. ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और रात में ग्रामीणों को परेशान नहीं करने की मांग की है. गालूडूह के थाना प्रभारी अंकु कुमार ने बताया - थाना क्षेत्र में पुलिस का अभियान चल रहा है. इसी अभियान के तहत पुलिस जवान गांवों में पहुंच रहे हैं. ग्रामीणों द्वारा लगाए गए मारपीट, दरवाजा लात मारकर खुलवाने और परेशान करने का आरोप गलत है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










