जमशेदपुर के परसुडीह स्कूल परिसर में मिला अज्ञात किशोरी का शव बरामद, गला दबाकर की हत्या

परसुडीह के स्कूल में बच्ची का शव मिलने के बाद जांच करते पुलिस के अधिकारी. फोटो: प्रभात खबर
Jamshedpur News: जमशेदपुर के परसुडीह स्थित राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में 14 वर्षीय अज्ञात किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई. गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस, फॉरेनसिक टीम और डॉग स्क्वाड मामले की जांच में जुटे हैं. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
जमशेदपुर से निखिल सिन्हा की रिपोर्ट
Jamshedpur News: झारखंड में जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सोपोडेरा स्थित राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में शनिवार सुबह एक अज्ञात किशोरी का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. मृतका की उम्र करीब 14 वर्ष बतायी जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गयी. सूचना मिलने के बाद परसुडीह थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया.
गला दबाकर हत्या की आशंका
किशोरी की स्थिति को देखकर स्थानीय लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं. लोगों का कहना है कि किशोरी की गला दबाकर हत्या की गयी है. शव जिस अवस्था में मिला, उससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. हालांकि पुलिस ने अभी हत्या के कारणों को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है.
दुष्कर्म के बिंदु पर भी जांच
पुलिस इस मामले में दुष्कर्म की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं कर रही है. जांच अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कई महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किशोरी कौन थी और वह स्कूल परिसर तक कैसे पहुंची. अब तक मृतका की पहचान नहीं हो पायी है.
फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने शुरू की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी ललित मीणा मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. उनके साथ फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड की टीम भी स्कूल परिसर पहुंची. टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया. फॉरेनसिक विशेषज्ञों ने आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की, जबकि डॉग स्क्वाड की मदद से सुराग तलाशे गये.
इसे भी पढ़ें: सीसीएल कर्मचारियों के बच्चों को मिलेगी 3100 रुपये तक स्कॉलरशिप, 30 सितंबर तक करना होगा आवेदन
इलाके में दहशत का माहौल
स्कूल परिसर में किशोरी का शव मिलने के बाद इलाके में भय और दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने घटना पर चिंता जताते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जायेगा.
इसे भी पढ़ें: झाड़-फूंक के बहाने विवाहिता को भगाना यूपी के मौलाना को पड़ा भारी, गढ़वा के ग्रामीणों ने घेरा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










