East Singhbhum News: कोवाली में छात्रा की संदिग्ध मौत पर भड़के ग्रामीण, पुलिस प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप

Updated:
विज्ञापन

पोड़ाडीहा मे आक्रोष मार्च मे शामिल लोग. | Prabhat Khabar Network

जमशेदपुर के कोवाली में छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में ग्रामीणों ने प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।

विज्ञापन

कोवाली,पूर्वी सिंहभूम: कोवाली थाना क्षेत्र के पोड़ाडीहा गांव में विगत दिनों 11वीं कक्षा की छात्रा सोमवारी पुराण की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस कार्रवाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए आक्रोश मार्च निकाला. ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर त्वरित कार्रवाई की मांग की है. इस आक्रोश मार्च का नेतृत्व भाजपा नेत्री सह हल्दीपोखर पूर्वी पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज एवं पोड़ाडीहा पंचायत की मुखिया दुखनी मय सरदार ने किया.

हत्या को आत्महत्या का रूप देने का आरोप

उल्लेखनीय है कि गत 9 अगस्त को छात्रा सोमवारी पुराण का शव पेड़ से लटका हुआ संदिग्ध अवस्था में मिला था. कोवाली पुलिस ने इसे आत्महत्या मानते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था. हालांकि, परिजनों का स्पष्ट आरोप है कि सोमवारी ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उसकी हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को पेड़ से लटकाया गया है.

सुसाइड नोट और मोबाइल से सुराग मिलने का दावा

घटनास्थल से मृतका के पास एक नोट भी बरामद हुआ था, जिसमें सोनू नामक एक युवक का उल्लेख है. परिजनों के अनुसार, मृतका के मोबाइल फोन से भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं. इसके बावजूद घटना के आठ दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई ठोस कदम न उठाए जाने पर परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है.

24 घंटे का अल्टीमेटम

आक्रोश मार्च में शामिल मुखिया देवी कुमारी भूमिज और दुखनी मय सरदार ने कहा कि यदि प्रशासन ने अगले 24 घंटे के भीतर मामले की निष्पक्ष जांच कर ठोस कार्रवाई नहीं की, तो ग्रामीण और परिजन वरीय पुलिस अधिकारियों से मिलकर न्याय की गुहार लगाएंगे. इसके बाद भी यदि सुनवाई नहीं हुई तो उग्र एवं लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा. इस विरोध प्रदर्शन में ग्राम प्रधान गोपाल पुरान समेत गांव के सैकड़ों महिला-पुरुष शामिल थे.


विज्ञापन
संजय सरदार

लेखक के बारे में

By संजय सरदार

संजय सरदार को पत्रकारिता का 24 वर्षों का अनुभव हैं. वे वर्ष 2002 से इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने रांची विश्वविद्यालय से राजनीतिक शास्त्र में स्नातक किया है. ग्रामीण पत्रकारिता पर काफी काम किया है. वर्तमान में वे हाता से प्रतिनिधि हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola