उत्तराखंड हादसे में पूर्वी सिंहभूम के मजदूर की मौत, डुमरिया के पलाशबनी में पसरा मातम
मजदूर के अंतिम संस्कार में शामिल लोग. 16जी 18- गांव में पसरा मातम16जी 19- गंजन मार्डी. 16जी 20- भीलू मुर्मू | Prabhat Khabar Network
उत्तराखंड के चमोली टनल हादसे में जान गंवाने वाले डुमरिया के मजदूर विजय हांसदा का उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया। गांव में मातम का माहौल है।
डुमरिया,पूर्वी सिंहभूम: उत्तराखंड के चमोली जिले में टनल हादसे में जान गंवाने वाले डुमरिया प्रखंड के पलाशबनी गांव (नुदाइडीह टोला) निवासी विजय हांसदा (28) का पार्थिव शरीर शनिवार देर रात एंबुलेंस से उनके पैतृक गांव पहुंचा. रविवार को गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया. वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल गांव के ही खेलाराम बेसरा का इलाज चमोली अस्पताल में चल रहा है. उनके दाहिने पैर में गंभीर चोट आई है और वे मेडिकल टीम की देखरेख में हैं.
अंतिम यात्रा में जुटे ग्रामीण व जनप्रतिनिधि
विजय हांसदा के अंतिम संस्कार में बीस सूत्री अध्यक्ष भगत बास्के, अर्जुन मुर्मू, काजमान सिंह सरदार, रामदास हेंब्रम, काडु मुर्मू, कमलेश मुर्मू और तानो मार्डी सहित दर्जनों झामुमो कार्यकर्ता व ग्रामीण शामिल हुए. सभी ने पीड़ित परिवार से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया.
सुरंग हादसे में बाल-बाल बचे दो मजदूरों ने बयां की आपबीती
हादसे में बाल-बाल बचे गांव के दो मजदूर—गुंजन मार्डी (19) और भीलू मुर्मू (32)—भी गांव लौट आए हैं. उन्होंने बताया कि टनल के अंदर सुरक्षा मानकों की भारी अनदेखी की जाती है और मजदूरों से 8 घंटे के बजाय 12 घंटे काम लिया जाता है.
आधे घंटे के फेर में हुआ हादसा
गुंजन ने बताया कि घटना शाम करीब 6:30 बजे घटी, जबकि शाम 7:30 बजे उनकी छुट्टी होने वाली थी. विजय भी मजदूरी का भुगतान मिलने के बाद घर लौटने की तैयारी में था.
ऐसे बची जान
गुंजन मार्डी ने बताया कि घटना से कुछ ही समय पूर्व वह और केरुकोचा के हातीबारी निवासी राम मुर्मू फोरमैन के साथ सामान लेने बाहर गए थे, जिससे उनकी जान बच गई. वहीं भीलू मुर्मू टनल के भीतर ही कुछ दूरी पर पानी का पंप चला रहे थे. मलबे के साथ पानी आने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी कठिनाइयां आईं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए