जमशेदपुर में लगातार बढ़ते रजिस्ट्री रेट ने निकाला रियल एस्टेट का दम

जमशेदपुर (फाइल फोटो)
जमशेदपुर में सर्किल रेट बाजार मूल्य से अधिक होने के कारण रियल एस्टेट कारोबार और खरीदारों पर बढ़ा आर्थिक बोझ। चेंबर ने सरकार से रेट कम करने की मांग की।
प्रमुख संवाददाता, जमशेदपुर
पूर्वी सिंहभूम में जमीन, फ्लैट और मकान की सरकारी दर (सर्किल रेट) कई इलाकों में वास्तविक बाजार मूल्य से अधिक हो जाने के कारण खरीदारों और रियल एस्टेट कारोबारियों की परेशानी बढ़ गयी है. निबंधन विभाग द्वारा हर एक-दो वर्ष में 10 से 20 प्रतिशत तक सर्किल रेट बढ़ाये जाने से रजिस्ट्री का खर्च लगातार बढ़ रहा है.बिष्टुपुर और साकची में फ्लैट की बाजार कीमत 5,500 से 7,000 रुपये प्रति वर्ग फीट है, जबकि सरकारी दर 8,092 से 9,711 रुपये प्रति वर्ग फीट तक है. वहीं, मानगो में बाजार मूल्य 3,500 से 4,000 रुपये प्रति वर्ग फीट होने के बावजूद रजिस्ट्री 4,126 से 4,951 रुपये प्रति वर्ग फीट के सरकारी मूल्य पर हो रही है.
नियम के अनुसार रजिस्ट्री बाजार मूल्य या सर्किल रेट, दोनों में जो अधिक हो, उसी पर होती है. इसके कारण खरीदारों को 4 प्रतिशत स्टांप शुल्क, 3 प्रतिशत निबंधन शुल्क के अलावा अन्य कर भी अधिक चुकाने पड़ रहे हैं. पुराने फ्लैटों पर भी नये फ्लैट के समान सरकारी दर लागू होने से अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है. वहीं, कम कीमत पर संपत्ति बेचने पर आयकर संबंधी दिक्कतें भी सामने आती हैं.इस मुद्दे पर सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने भू-राजस्व विभाग से सर्किल रेट की समीक्षा कर बाजार की वास्तविक स्थिति के अनुरूप संशोधन की मांग की है.
सरकार इसको लेकर विचार करे : सिंहभूम चेंबर
सिंहभूम चेंबर के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि सरकार को इस पर ध्यान देने की जरूरत है. हम लोगों ने भू राजस्व मंत्री के पास अपना आवेदन दिया है. रेट को हर हाल में कम किया जाना चाहिए, नहीं तो रियल एस्टेट दम तोड़ता नजर आ रहा है.
फ्लैट बेचना मुश्किल
भदानीबिल्डर्स एसोसिएशन के सूरज भदानी ने बताया कि फ्लैट को बेचना ही मुश्किल हो गया है. रजिस्ट्री का रेट हर साल बढ़ रहा है. इतनी रफ्तार से कारोबारी रेट नहीं बढ़ता है. ऐसे में हमलोगों को दिक्कत है, ग्राहकों को दिक्कत है, जिस पर सरकार को ध्यान देने की जरूरत है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










