टाटा स्टील में ट्रेनिंग करने का मौका : जमशेदपुर और टिनप्लेट प्लांट के लिए निकली भर्तियां

जमशेदपुर (फाइल फोटो)
टाटा स्टील जमशेदपुर में अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग के लिए आवेदन शुरू. इंजीनियरिंग और ग्रेजुएट्स 23 जुलाई तक ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं। पूरी प्रक्रिया यहां जानें.
वरीय संवाददाता, जमशेदपुर
अगर आप नौकरी की तलाश में हैं और टाटा स्टील जैसी बड़ी कंपनी में काम सीखने का सपना देख रहे हैं, तो आपके लिए एक अच्छी खबर है. टाटा स्टील ने अपने जमशेदपुर वर्क्स और टिनप्लेट डिवीजन में ''अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग प्रोग्राम 2026'' के तहत वैकेंसी निकाली है. इस भर्ती का उद्देश्य युवाओं को उद्योग के लाइव माहौल में ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग देकर उनके कौशल को निखारना है. चयनित प्रशिक्षुओं को 1 साल की ऑन-द-जॉब प्लांट ट्रेनिंग दी जायेगी. इस दौरान उन्हें अप्रेंटिसशिप एक्ट के नियमों के मुताबिक मासिक स्टाइपेंड (वजीफा) मिलेगा. ट्रेनिंग पूरी होने पर एसएनटीआइ द्वारा सर्टिफिकेट दिया जायेगा. यह विशुद्ध रूप से एक साल का प्रशिक्षण कार्यक्रम है. टाटा स्टील ने साफ किया है कि इस ट्रेनिंग के पूरा होने के बाद कंपनी में किसी भी तरह के स्थायी रोजगार या नौकरी का दावा नहीं किया जा सकेगा. इसके अलावा, चयनित उम्मीदवारों को रहने और खाने की व्यवस्था स्वयं करनी होगी. कंपनी की ओर से हॉस्टल सुविधा नहीं दी जायेगी.
आवेदन भरने की प्रक्रिया शुरू
इच्छुक व योग्य उम्मीदवार कंपनी के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं. आवेदन भरने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. इच्छुक अभ्यर्थी 23 जुलाई 2026 की रात 11:45 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. केवल वही उम्मीदवार पात्र होंगे. जिन्होंने साल 2021 या उसके बाद अपनी पढ़ाई पूरी की है. 2026 में फाइनल परीक्षा देने वाले छात्र भी शामिल हो सकते हैं. उम्मीदवारों की जन्मतिथि 1 जुलाई 2001 से 1 जुलाई 2008 के बीच होनी चाहिए.
कौन-कौन कर सकता है आवेदन इंजीनियरिंग और तकनीकी छात्र
मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, मेटलर्जिकल या प्रोडक्शन इंजीनियरिंग में बीटेक या डिप्लोमा धारक इसके पात्र हैं. इसके अलावा फिटर, इलेक्ट्रिशियन, मशीनिस्ट और वेल्डर ट्रेड से आइटीआइ पास युवा भी आवेदन कर सकते हैं.
नॉन-इंजीनियरिंग ग्रेजुएट्स :
कंप्यूटर की जानकारी के साथ रसायन शास्त्र में बीएससी या बीबीए करने वाले युवा भी इसमें शामिल हो सकते हैं. वहीं, अनुसूचित जनजाति (एसटी ) वर्ग के बीए पास उम्मीदवारों को भी विशेष रूप से आवेदन का मौका दिया गया है.
चयन की प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन ऑनलाइन लिखित परीक्षा के माध्यम से होगा. परीक्षा में सफल होने वालों को दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल टेस्ट से गुजरना होगा. परीक्षा की तारीखों की जानकारी उम्मीदवारों को उनकी ईमेल पर मिलेगी. उम्मीदवारों के पास आधार कार्ड से लिंक बैंक खाता और पैन कार्ड होना अनिवार्य है. ताकि स्टाइपेंड की प्रक्रिया में कोई बाधा न आये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अशोक झा
अशोक कुमार झा प्रभात खबर जमशेदपुर में वरीय संवाददाता के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में इनके पास 20 वर्षों से अधिक का एक लंबा, समृद्ध और विविधतापूर्ण अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










