पीएम मोदी के जन्मदिवस पर सेवा का महाअभियान, दिव्यांगजनों को मिलेंगे निःशुल्क सहायक उपकरण, सबल सेंटर में इस दिन लगेगा शिविर
जमशेदपुर (फाइल फोटो).
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर जमशेदपुर में एक विशेष सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है. इसमें दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण शिविर लगाया जाएगा. यह शिविर 17 सितंबर को साकची सबल सेंटर में आयोजित होगा.
जमशेदपुर : पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर जमशेदपुर में सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़ा विशेष आयोजित किया जा रहा है. दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सामाजिक संस्था ‘अस्तित्व’ और सबल, टाटा स्टील फाउंडेशन और एलिम्को के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित होगा. आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद और पात्र लोगों तक सहायक उपकरण पहुंचाकर उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाना है.
17 सितंबर को साकची में लगेगा शिविर
शिविर का आयोजन 17 सितंबर 2026, गुरुवार को सुबह 9 बजे से किया जाएगा. कार्यक्रम का स्थल सबल सेंटर (SABAL Centre), CGPC के सामने, JNAC कार्यालय के पास, साकची, जमशेदपुर-831001 निर्धारित किया गया है. शिविर की प्रमुख जिम्मेदारी सबल PMDVK टीम के प्रतिनिधि ऐश्वर्या, किशन और प्रशांत संभाल रहे हैं. आयोजकों ने आम लोगों से अपील की है कि इस महत्वपूर्ण जानकारी को अधिक से अधिक जरूरतमंद दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे.
वरिष्ठ नागरिकों के लिए राष्ट्रीय वयोश्री योजना
राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक पात्र होंगे. इसके लिए आधार कार्ड और मासिक आय प्रमाण पत्र आवश्यक होगा. लाभुक की अधिकतम मासिक आय 15,000 रुपये निर्धारित है. साथ ही, यह भी शर्त है कि लाभुक ने पिछले 3 वर्षों में किसी सरकारी अथवा गैर-सरकारी संस्था से सहायक उपकरण प्राप्त नहीं किया हो.
दिव्यांगजनों के लिए ADIP योजना का लाभ
दिव्यांगजनों के लिए एडिप योजना (ADIP Scheme) के तहत न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता वाले पात्र लाभुकों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे. इसके लिए UDID कार्ड, आधार कार्ड एवं आय प्रमाण पत्र साथ लाना होगा. इस योजना के लिए अधिकतम मासिक आय 22,500 रुपये निर्धारित है. नियमों के अनुसार पिछले 3 वर्षों में कोई सहायक उपकरण प्राप्त नहीं किया होना चाहिए. वहीं, स्मार्टफोन एवं मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल के मामले में यह अवधि 5 वर्ष निर्धारित है.
जरूरतमंदों तक सूचना पहुंचाने की अपील
आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि शिविर की जानकारी अपने आसपास के जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों तक अवश्य पहुंचाएं. सही पात्रता रखने वाले लाभुक आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर स्थल पर पहुंचकर योजना का लाभ ले सकते हैं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए