जमशेदपुर में संस्थापक दिवस की तैयारी! 15 दिनों तक बंद रहेगा जुबिली पार्क, गाड़ियों की नो-एंट्री

टाटा स्टील के संस्थापक जमशेदजी टाटा.
Jamshedpur Founders Day: जमशेदपुर में टाटा स्टील के संस्थापक जेएन टाटा की जयंती के अवसर पर जुबिली पार्क 21 फरवरी से 7 मार्च तक बंद रहेगा. लाइटिंग और सजावट कार्य के कारण वाहनों की नो-एंट्री लागू की गई है. इससे मानगो, साकची, सोनारी और कदमा जाने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने होंगे. पूरी खबर नीचे पढ़ें.
जमशेदपुर से संजीव भारद्वाज की रिपोर्ट
Jamshedpur Founders Day: टाटा स्टील के संस्थापक जेएन टाटा के जन्मदिन (3 मार्च) को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं. संस्थापक दिवस के अवसर पर जुबिली पार्क में होने वाली भव्य लाइटिंग और सजावट कार्य को देखते हुए पार्क को अगले 15 दिनों के लिए बंद करने का निर्णय लिया गया है. धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अर्णव मिश्रा के आदेशानुसार, जुबिली पार्क का मुख्य गेट 21 फरवरी से 7 मार्च तक आम जनता और वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा.
सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया फैसला
जिला प्रशासन और जुस्को प्रबंधन के अनुसार, लाइटिंग और सजावट के दौरान भारी मशीनों और बिजली के तारों का काम चलता है. पर्यटकों की सुरक्षा और काम में किसी तरह का व्यवधान न हो, इसलिए पार्क को बंद रखा जा रहा है. इस दौरान पार्क रोड से गुजरने वाले तमाम दोपहिया, तीन पहिया और चार पहिया वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा. स्पष्ट किया गया है कि इस अवधि में किसी भी बाहरी व्यक्ति को पार्क परिसर के भीतर जाने की अनुमति नहीं होगी.
इसे भी पढ़ें: खोरठा को आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग, अनाम ओहदार ने की सांसद खीरू महतो से मुलाकात
स्कूली बच्चों और राहगीरों को होगी परेशानी
पार्क का गेट बंद होने से सबसे ज्यादा असर मानगो और साकची से सोनारी व कदमा की ओर जाने वाले लोगों पर पड़ेगा. विशेषकर सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों को अब लंबे वैकल्पिक रास्तों का चक्कर लगाना होगा. बता दें कि इससे पूर्व 25 दिसंबर से 10 जनवरी के बीच भी पिकनिक सीजन को लेकर पार्क में पाबंदियां लगाई गई थीं, लेकिन संस्थापक दिवस की लाइटिंग के लिए इतने लंबे समय तक गेट बंद रखने का यह पहला बड़ा आदेश है.
मॉर्निंग वॉकर्स पर संशय बरकरार
हालांकि, आदेश में पर्यटकों और वाहनों की मनाही है, लेकिन सुबह की सैर करने वाले ‘मॉर्निंग वॉकर्स’ को प्रवेश मिलेगा या नहीं, इस पर जुस्को प्रबंधन ने अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं की है. फिलहाल, 21 फरवरी से इस मार्ग का उपयोग करने वाले शहरवासियों को अन्य डायवर्टेड रास्तों से गुजरना होगा.
इसे भी पढ़ें: खरसावां-सीनी रोड की सोना नदी पर पुल निर्माण की मांग, निर्माण कार्य अधूरा
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




