Jamshedpur News : सगाई के दिन ही की थी प्रेमिका की चापड़ से हत्या, खखड़ीपाड़ा से गिरफ्तार कर ले गयी ओडिशा पुलिस
Published by :Prabhat Khabar News Desk
Published at :25 Apr 2026 1:35 AM (IST)
विज्ञापन

परसुडीह थाना की पुलिस के सहयोग से ओडिशा पुलिस ने खखड़ीपाड़ा में छापेमारी कर मुख्य आरोपी सूर्यकांत स्वाई को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया है.
विज्ञापन
:: आरोपी की निशानदेही पर हथियार और मोबाइल बरामद, साथी की तलाश जारी
:: दुष्कर्म के केस में जेल जा चुका है सूर्यकांत स्वाई
:: परसुडीह पुलिस की मदद से ओडिशा के जगतसिंहपुर थाना की पुलिस ने किया गिरफ्तार
:: सूर्यकांत स्वाई का ऑटो शेयरिंग का है कारोबार
::19 अप्रैल को ओडिशा के जगतसिंहपुर में प्रेमिका की साथी के साथ मिलकर की थी हत्या
Jamshedpur News :
ओडिशा के जगतसिंहपुर में प्रेमिका की चापड़ से हत्या के मामले में परसुडीह थाना की पुलिस के सहयोग से ओडिशा पुलिस ने खखड़ीपाड़ा में छापेमारी कर मुख्य आरोपी सूर्यकांत स्वाई को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चापड़ और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है. जगतसिंहपुर के एसपी अंकित कुमार वर्मा ने बताया कि सूर्यकांत स्वाई जमशेदपुर में ऑटो शेयरिंग का कारोबार करता है, जबकि जगतसिंहपुर में उसका नाव संचालन का भी काम है. 19 अप्रैल को वह अपने एक साथी के साथ जगतसिंहपुर पहुंचा और प्रेमिका सस्मिता दास को बहाने से खेत में बुलाकर चापड़ से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी. पहले सिर पर वार किया गया, फिर गर्दन और चेहरे पर कई प्रहार किये गये, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी थी.पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले से विवाहित है और एक बच्चे का पिता है. वर्ष 2013 में उसकी शादी हुई थी, बावजूद इसके वह सस्मिता के संपर्क में था. वर्ष 2024 में सस्मिता ने उस पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था, जिसमें वह जेल भी जा चुका है. इधर, सस्मिता के परिवार ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी, जिसका आरोपी विरोध कर रहा था और लगातार शादी तोड़ने का दबाव बना रहा था.
दो लाख में दी थी हत्या की सुपारी
एसपी ने बताया कि सूर्यकांत ने अपने साथी को हत्या के लिए दो लाख रुपये की सुपारी दी थी, जिसमें 20 हजार रुपये एडवांस दिया गया था. दोनों स्कूटी से जमशेदपुर से जगतसिंहपुर पहुंचे और वहां, एक लॉज में ठहरे. इसके बाद सस्मिता को फोन कर खेत में बुलाया और वारदात को अंजाम दिया. हत्या के बाद दोनों स्कूटी से वापस जमशेदपुर लौट आये थे. रास्ते में जयसोल के पास चापड़ फेंक दिया था और जगतपुर के निकट महानदी में कपड़े व मोबाइल फेंक दिये थे. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चापड़ और मोबाइल बरामद कर लिया है. फिलहाल पुलिस फरार साथी की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है.प्रेमिका के नाम 10 लाख की करायी थी पॉलिसी, खुद था नॉमिनी
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार सूर्यकांत काफी शातिर युवक है. उसने सस्मिता के नाम से 10 लाख की एलआइसी की पॉलिसी भी ली थी. जिसमें नॉमिनी वह खुद था. सस्मिता के नाम पर उसने जमीन भी खरीदी थी.सगाई के दिन ही हत्या की घटना को दिया गया अंजाम
एसपी ने बताया कि 19 अप्रैल को दिन में सस्मिता की सगाई हुई. जबकि 10 मई को शादी तय थी. सगाई के दिन ही सूर्यकांत ने सुपारी किलर को सस्मिता की पहचान करायी थी और उसी दिन हत्या की घटना को अंजाम दिया गया था.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




