Jamshedpur News : संगठन निष्ठा के प्रतीक ''गुरुजी'' महेश चंद्र शर्मा का निधन
Updated at : 02 Feb 2026 1:15 AM (IST)
विज्ञापन

Jamshedpur News : जुगसलाई के प्रतिष्ठित पन्ना गुरुजी स्कूल से जुड़े, टाटानगर गौशाला के अध्यक्ष और वरिष्ठ समाजसेवी महेश चंद्र शर्मा का शनिवार देर रात निधन हो गया.
विज्ञापन
संगठन शिल्पी ‘गुरुजी’ की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, अमरप्रीत काले समेत अन्य कई नेताओं ने जताया शोक
Jamshedpur News :
जुगसलाई के प्रतिष्ठित पन्ना गुरुजी स्कूल से जुड़े, टाटानगर गौशाला के अध्यक्ष और वरिष्ठ समाजसेवी महेश चंद्र शर्मा का शनिवार देर रात निधन हो गया. महेश चंद्र शर्मा ने जुगसलाई के प्रतिष्ठित एवं अपने पिता स्व. पन्नालाल शर्मा द्वारा स्थापित पन्ना गुरुजी स्कूल का लगभग आधी सदी तक सफल संचालन किया. महेश चंद्र शर्मा जुगसलाई के एक बड़े वर्ग के शिक्षा गुरु रहे और उनके कुशल निर्देशन में स्कूल ने नयी ऊंचाइयां हासिल कीं. उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गयी. वे भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के साथ-साथ पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के सांसद प्रतिनिधि भी रहे थे. सादगी और कर्तव्यनिष्ठा की प्रतिमूर्ति रहे महेश जी को लोग सम्मान से ”गुरुजी” पुकारते थे. शोक संतप्त परिजनों में उनके भ्राता बिहारीलाल शर्मा, चंद्रशेखर जोशी, पुत्र शशिभूषण जोशी, कौशल किशोर जोशी, भतीजे श्रवण, निर्मल, नारायण और पौत्र सुधांशु जोशी सहित पूरा भरा-पूरा परिवार शामिल है. उनके निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जन मुंडा, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, पूर्व प्रवक्ता राजेश शुक्ल समेत अन्य कई नेताओं ने दुख जताया है.प्रधानमंत्री से था सीधा जुड़ाव
महेश चंद्र शर्मा का संगठन में कद इतना ऊंचा था कि कोरोना काल के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं उन्हें फोन कर उनका हाल-चाल लिया था. बताया जाता है कि उस दौरान पूरे झारखंड से जिन चार चुनिंदा लोगों से प्रधानमंत्री ने व्यक्तिगत बातचीत की थी, उनमें महेश चंद्र शर्मा भी शामिल थे. वे भाजपा के व्यापार प्रकोष्ठ और वरिष्ठ नागरिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक के रूप में भी लंबे समय तक सक्रिय रहे.नीतीश भारद्वाज से लेकर अर्जुन मुंडा तक के रहे चुनावी रणनीतिकार
महेश चंद्र शर्मा का संगठन में पकड़ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि राज्य से लेकर केंद्रीय स्तर तक के नेताओं से उनका सीधा और आत्मीय संपर्क था. उन्होंने जमशेदपुर के पूर्व सांसद व ”महाभारत” फेम नीतीश भारद्वाज और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा जैसे दिग्गज नेताओं के चुनाव प्रभारी के रूप में जीत की रणनीति बनायी थी. उनके जुगसलाई स्थित आवास पर संघ और भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेताओं का आना-जाना हमेशा लगा रहता था. वे कार्यकर्ताओं के लिए केवल एक नेता नहीं, बल्कि ”गुरुजी” के रूप में एक मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत थे.अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़
रविवार दोपहर 2:00 बजे जुगसलाई स्थित उनके निवास स्थान पन्ना गुरुजी पथ से उनकी अंतिम यात्रा निकली. इसमें भाजपा के जिला अध्यक्ष संजीव कुमार, दिनेश कुमार, पूर्व विधायक मेनका सरदार, रामबाबू तिवारी, अभय सिंह, कल्याणी शरण, कुलवंत सिंह बंटी, चंद्रशेखर मिश्रा और विमल जालान समेत कई दिग्गज शामिल हुए. इनके अलावा मारवाड़ी समाज, गौशाला समिति के पदाधिकारी और उनके हजारों छात्र नम आंखों से शव यात्रा में शामिल रहे. उनका अंतिम संस्कार जुगसलाई स्थित शिव घाट पर किया गया.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




