Jamshedpur News : गोलमुरी थाना से 200 मीटर की दूरी पर फल कारोबारी की गोली मारकर हत्या
Published by : RAJESH SINGH Updated At : 12 Feb 2026 1:28 AM
Jamshedpur News : गोलमुरी थाना से महज 200 मीटर दूर टिनप्लेट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में टहलने आये फल कारोबारी कन्हैया यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गयी.
टिनप्लेट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर में सुबह 11 बजे की घटना
मॉर्निंग वॉक करने आये थे कन्हैया यादव
बाइक से आये थे तीन अपराधी, एक ने मारी गोली, दो स्टेडियम के बाहर खड़े थे
कारोबारी के सिर, हाथ और पैर में लगीं चार गोलियां
गंभीर रूप से घायल फल कारोबारी को टीएमएच में भर्ती कराया गया, इलाज के दौरान शाम 7 बजे तोड़ा दम
घटनास्थल से तीन खोखा, एक गोली के अलावा कारोबारी की बाइक व जूते बरामद
Jamshedpur News :
गोलमुरी थाना से महज 200 मीटर दूर टिनप्लेट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में टहलने आये फल कारोबारी कन्हैया यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गयी. कन्हैया यादव के सिर, पेट और जांघ में चार गोलियां लगी थीं. घटना बुधवार सुबह करीब 11 बजे की है. फायरिंग की सूचना मिलने पर गोलमुरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला. पुलिस ने मौके से तीन खोखा, एक गोली के अलावा कारोबारी की बाइक और जूते बरामद किये हैं. घटना का कारण पुरानी रंजिश बताया गया है.जानकारी के अनुसार, नामदा बस्ती निवासी कन्हैया यादव रोजाना की तरह बुधवार को भी टिनप्लेट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर में टहलने पहुंचे. वहां उनके मित्र रंजीत पहले से थे. ग्राउंड में टहलने के बाद योग किया और कुछ देर बैठे रहे. करीब 11 बजे कन्हैया यादव घर जाने के लिए अपनी बाइक (स्पलेंडर, जेएच05बी- 1966) पर बैठे और चाबी लगायी, तभी एक अपराधी तेजी से आया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. घटना में गंभीर रूप से घायल कारोबारी को तुरंत टीएमएच ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान शाम करीब 7 बजे उनकी मौत हो गयी. पुलिस ने शव टीएमएच के शीतगृह में रखवा दिया है. गुरुवार को पोस्टमार्टम होगा.एक बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे तीन अपराधी
जानकारी के अनुसार, तीन अपराधी एक बाइक पर सवार होकर टिनप्लेट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के गेट की ओर से आये. दो अपराधी बाइक के साथ कॉम्प्लेक्स के बाहर ही इंतजार करने लगे, जबकि एक अपराधी तेजी से अंदर घुसा और कन्हैया पर फायरिंग कर दी. इसके बाद तीनों मौके से फरार हो गये. उधर, गोलियों की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा. स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के आसपास के क्वार्टर के लोग बाहर निकल गये. कुछ लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल कन्हैया यादव को टीएमएच ले गये. घटना की जानकारी मिलने के बाद टिनप्लेट कंपनी प्रबंधन के कई पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे. स्टेडियम के गार्ड और आसपास के लोगों से घटनाक्रम की जानकारी ली.अपराधी बिल्ला पाठक से था विवाद
पुलिस सूत्रों की मानें, तो अपराधी बिल्ला पाठक और कारोबारी कन्हैया यादव में पहले से ही विवाद था. पुलिस को आशंका है कि बिल्ला पाठक गिरोह ने ही घटना को अंजाम दिया है. हालांकि, इस बारे में पुलिस अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं बता रही है.
फल कारोबारी और ठेकेदार थे कन्हैया यादव
कन्हैया यादव के मित्र ने बताया कि वे मूलत: फल काराेबारी थे, इसके अलावा जल संसाधन विभाग और ग्रामीण विकास विभाग में ठेकेदारी का काम भी करते थे. वे भाजपा के समर्थक भी थे. उधर, घटना की सूचना मिलने पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव व भाजपा नेता विनोद सिंह टीएमएच पहुंचे और मामले की जानकारी ली.टोपी पहना अपराधी आया, बैग से हथियार निकाल कन्हैया के सिर से सटाकर मारी गोली
प्रत्यक्षदर्शी की जुबानी…
कन्हैया यादव रोजाना की तरह बुधवार सुबह करीब 10 बजे टिनप्लेट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंचे. यहां अपने दोस्त के साथ एक घंटा तक योग और वॉकिंग की. उस वक्त ग्राउंड में एक महिला भी मौजूद थी. उसके बाद दोनों दोस्त ने बैठ कर कुछ देर बात की. फिर कन्हैया और उसके दोस्त एक साथ अपनी-अपनी बाइक के पास गये, जाे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर में ही खड़ी थी. तभी स्टेडियम के मेन गेट की ओर से टोपी पहने एक युवक पीठ पर बैग लटका कर पैदल आया. जबकि स्टेडियम के गेट पर पल्सर बाइक के पास दो युवक खड़े थे. कुछ ही पल में पैदल चल रहा युवक कन्हैया के पास आया. जैसे ही कन्हैया बाइक पर बैठे और चाबी लगायी, तो युवक ने बैग से हथियार निकाला और कन्हैया के सिर में सटा कर दो गोली मार दी. उसके बाद तीन बार और फायरिंग की. गोली चलने की आवाज सुनकर भगदड़ मच गयी. आवाज सुनकर पुलिस पहुंची. कन्हैया यादव खून से लथपथ गिरे हुए थे. उसके बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और कन्हैया को लेकर टीएमएच ले गये. गोली मारने के बाद अपराधी बाइक से भाग गये.
कोट
पुरानी रंजिश को लेकर फल कारोबारी को अपराधियों ने गोली मारी है. पुलिस को फायरिंग करने वाले गिरोह के बारे में जानकारी मिली है. उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गयी है.– संजय सुमन, थाना प्रभारी, गोलमुरीB
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










