व्यवस्था पर भारी ऑटो चालकों की मनमानी

Updated at : 28 Aug 2018 7:01 AM (IST)
विज्ञापन
व्यवस्था पर भारी ऑटो चालकों की मनमानी

जमशेदपुर : शहर में चलने वाले ऑटो, स्कूली वाहनों और मिनी बसों के खिलाफ चल रहे जांच अभियान को रोकने और कागजात बनाने की व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर शहर के ऑटो, स्कूली वाहन और मिनी बस मंगलवार से हड़ताल पर रहेंगे. साकची आम बागान मैदान में सोमवार को शिक्षित बेरोजगार ऑटो चालक-संचालक […]

विज्ञापन
जमशेदपुर : शहर में चलने वाले ऑटो, स्कूली वाहनों और मिनी बसों के खिलाफ चल रहे जांच अभियान को रोकने और कागजात बनाने की व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर शहर के ऑटो, स्कूली वाहन और मिनी बस मंगलवार से हड़ताल पर रहेंगे. साकची आम बागान मैदान में सोमवार को शिक्षित बेरोजगार ऑटो चालक-संचालक संघ, स्कूली वाहन समिति और मिनी बस एसोसिएशन की संयुक्त अामसभा में पूर्व मंत्री सह ऑटो चालक-संचालक संघ के संरक्षक बन्ना गुप्ता ने मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की घोषणा की.
मंगलवार से आहूत हड़ताल के दौरान तीनों एसोसिएशन के सदस्य उपायुक्त कार्यालय के समीप धरना देंगे. सभा का संचालन ओम प्रकाश सिंह उर्फ गुड्डू, मो सरफुद्दीन और अंत में धन्यवाद ज्ञापन चंदन मल्लिक ने किया. इस मौके पर ऑटो चालक संघ के महामंत्री श्याम किंकर झा, अध्यक्ष मो मुख्तार, उपाध्यक्ष बबुआ सिंह, कौनेन अहमद, मिनी बस एसोसिएशन और स्कूली वाहन सेवा समिति के अध्यक्ष जेपी मिश्रा, उपाध्यक्ष शमीम अहमद, सचिव जरासंघ सिंह सहित हजारों की संख्या में चालक, संचालक मौजूद थे.
आमसभा से यातायात प्रभावित. साकची आम बागान मैदान में शिक्षित बेरोजगार ऑटो चालक-संचालक संघ, स्कूली वाहन समिति और मिनी बस एसोसिएशन की संयुक्त अामसभा के कारण शहर में ऑटो का परिचालन सुबह 9 बजे से बंद हो गया.
ऑटो चालकों ने जताया विरोध. शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे ऑटो चालकों को यूनियन के सदस्यों के विरोध का सामना करना पड़ा. जिससे कई जगहों पर यात्रियों संग विरोध कर रहे चालकों के साथ झड़प भी हुई. आमसभा के दौरान कई क्षेत्रों में इक्का- दुक्का ही ऑटो का परिचालन हुआ.
लोकल बसों में बढ़ी भीड़. ऑटो का परिचालन सुबह के समय बंद होने से सिटी और मिनी बसों में अचानक भीड़ बढ़ गयी. जिन मार्गों पर बसों का परिचालन नहीं हो रहा था. उन मार्गों के यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी. स्टेशन और मानगो बस स्टैंड दूसरे जगहों से पहुंचे यात्रियों को काफी परेशानी हुई. भीड़ का असर ओला स्टैंड में दिखा. तमाम ओला बुक थे. अनिश्चितकालीन हड़ताल के पहले ही सड़कों से सोमवार को ऑटो गायब रहे. जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई.
हड़ताल में टेंपो-स्कूली वैन चालकों को देंगे सुरक्षा : डीसी
जमशेदपुर. उपायुक्त अमित कुमार ने कहा है कि टेंपो, मिनी बस अौर स्कूली वाहनों के एक गुट ने हड़ताल किया है. जो गुट हड़ताल में शामिल नहीं हैं, उन्हें परिचालन में सुरक्षा प्रदान की जायेगी. उपायुक्त ने वाहन चालकों से अपील की है कि अगर वे यातायात नियमों का पालन करते हैं, तो उन्हें गाड़ी चलाने में किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी.
जांच जारी रहेगी, हंगामा करने वाले टेंपो चालकों से सख्ती से निपटेगा प्रशासन. उपायुक्त ने कहा कि स्कूल वैन एवं टेंपो के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा जांच अभियान जारी रहेगा. इसमें ढील की गुंजाइश नहीं है. जो स्कूली वैन,
बस अौर टेंपो नियमानुसार चलेंगे, उनको प्रशासन सहयोग करेगा. बच्चों की सुरक्षा के साथ समझौता नहीं होगा.
चेकिंग के खिलाफ स्कूल वैन अौर टेंपो चालकों द्वारा दबाव बनाने के लिए हड़ताल का विकल्प अपनाने पर विचार करना होगा. उनकी मनमानी नहीं चलेगी. हंगामा करने वाले टेंपो चालकों के साथ प्रशासन सख्ती से निपटेगा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola