सरायकेला के समाज कल्याण पदाधिकारी की ओर मुड़ी जांच

रांची/जमशेदपुर: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और डीजीपी राजीव कुमार की हत्या करने की धमकी देने के मामले में जमशेदपुर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों में एक अधिवक्ता सुधीर कुमार ठाकुर और दूसरा उनके लिए काम करनेवाला गुंजन कुमार है. दोनों जमशेदपुर के लक्ष्मीनगर के रहनेवाले हैं. यह जानकारी डीजीपी राजीव कुमार […]
रांची/जमशेदपुर: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और डीजीपी राजीव कुमार की हत्या करने की धमकी देने के मामले में जमशेदपुर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों में एक अधिवक्ता सुधीर कुमार ठाकुर और दूसरा उनके लिए काम करनेवाला गुंजन कुमार है. दोनों जमशेदपुर के लक्ष्मीनगर के रहनेवाले हैं. यह जानकारी डीजीपी राजीव कुमार ने शुक्रवार को रांची में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी.
डीजीपी ने बताया कि सुधीर कुमार ठाकुर के बयान पर पुलिस ने जला हुआ मोबाइल सेट और सिम (8407092840) को बरामद कर लिया है. इसी सिम का इस्तेमाल धमकी देने में किया गया था.
जेआरडी टाटा गोलंबर के पास गरम नाला से प्रभाष मिश्र के नाम पर बना फरजी ड्राइविंग लाइसेंस भी बरामद कर लिया गया है. मामले में सरायकेला के समाज कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार ठाकुर की संलिप्तता की जांच की जा रही है. संवाददाता सम्मेलन में आइजी प्रोविजन अनुराग गुप्ता, जमशेदपुर के एसएसपी अमोल वेणुकांत और सिटी एसपी एस कार्तिक उपस्थित थे.
प्रभाष को फंसाने के लिए दी धमकी
जमशेदपुर के एसएसपी ने बताया कि अधिवक्ता सुधीर कुमार ठाकुर, सरायकेला के समाज कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार ठाकुर का मित्र है. सुनील कुमार झा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी के कार्यालय में लिपिक है. आदित्यपुर निवासी प्रभाष मिश्र, सुनील कुमार झा का साला हैं. संजय कुमार ठाकुर और सुनील कुमार झा के बीच अनबन थी. श्री ठाकुर ने लिपिक के खिलाफ कई कार्रवाई की है.
इसे लेकर प्रभाष मिश्र ने आरटीआइ के तहत आवेदन देकर समाज कल्याण पदाधिकारी के बारे में कई तरह की जानकारी मांगी थी. आरटीआइ में आवेदन आने से समाज कल्याण पदाधिकारी परेशान थे. पूछताछ में अधिवक्ता सुधीर कुमार ठाकुर ने बताया है कि प्रभाष मिश्र को फंसाने के लिए उसने पहले चाकुलिया बीडीओ और बाद में डीजीपी को मोबाइल पर धमकी भरा मैसेज भेजा. योजना यह थी कि डीजीपी जैसे बड़े अफसर को धमकी देने के बाद प्रभाष मिश्र को निश्चित रूप से जेल जाना पड़ेगा. प्रभाष मिश्र को फंसाने के लिए पूर्व में भी गुंजन कुमार के जरीये सरायकेला कोर्ट में दो मामला दर्ज कराया गया था. उसके बयान की सत्यता की जांच की जा रही है.
सुनील कुमार झा मेरा अधीनस्थ कर्मचारी हैं. मेरी उनसे किसी बात को लेकर अनबन है. इस बात की जानकारी मैंने अपने उच्चधिकारियों को दे दी है. सुधीर कुमार ठाकुर चाईबासा कोर्ट में चल रहे एक मामले में मेरे अधिवक्ता हैं. मैंने किसी को फंसाने के लिए कुछ नहीं किया है. फरजी दस्तावेज पर सिमकार्ड खरीद कर सीएम और डीजीपी को धमकी भरा एसएमएस मैं क्यों करवाऊंगा. मेरे ऊपर अधिवक्ता ने जो आरोप लगाया है वह बेबुनियाद है. मामले की जांच हो रही है. सच्चई जल्द सामने आ जायेगी.
संजय कुमार ठाकुर, समाज कल्याण पदा सरायकेला.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




