अपने ही घर से जेवर एवं रुपये के लूट की रची थी साजिश
Updated at : 20 Apr 2018 5:38 AM (IST)
विज्ञापन

जमशेदपुर : कदमा प्रकृति विहार में टाटा स्टील के फोरमैन डीके सिंह के पुत्र अभिनव का गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप हो गया था. उसे दसवीं की परीक्षा में अच्छे अंक चाहिए थे. गर्लफ्रेंड को वापस पाने और परीक्षा में बेहतर अंक पाने के रास्ते तलाश रहा अभिनव फेसबुक पर एक तांत्रिक के चक्कर में फंस गया. […]
विज्ञापन
जमशेदपुर : कदमा प्रकृति विहार में टाटा स्टील के फोरमैन डीके सिंह के पुत्र अभिनव का गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप हो गया था. उसे दसवीं की परीक्षा में अच्छे अंक चाहिए थे. गर्लफ्रेंड को वापस पाने और परीक्षा में बेहतर अंक पाने के रास्ते तलाश रहा अभिनव फेसबुक पर एक तांत्रिक के चक्कर में फंस गया. तांत्रिक ने उसे गर्लफ्रेंड वापस दिलाने और परीक्षा में अच्छे अंक (90 फीसदी से ज्यादा) मिलने का भरोसा दिया.
तांत्रिक ने अभिनव से अपने एकाउंट में दो हजार रुपये जमा कराये. अभिनव से तांत्रिक और रुपये मांग रहा था. अभिनव के पास रुपये नहीं थी. रुपये जमा करने के लिए अभिनव ने मां द्वारा खरीदे जेवर बेचने का प्लान बनाया था. प्लान के अनुसार 12 अप्रैल की शाम साढ़े छह बजे उसने लूटकांड की झूठी घटना मां-पिता और पुलिस को बतायी. एक सप्ताह पूर्व ही अभिनव ने अलमीरा से सारे जेवर निकालकर सोनारी खुंटाडीह निवासी अपने दोस्त शुभम शर्मा के घर में रखवा दिया था.
लूटकांड की तथाकथित घटना के बाद जेवर को धीरे से बेचकर तांत्रिक को रुपये भेजने का प्लान था. इससे पूर्व ही पुलिस ने अभिनव को गिरफ्तार कर मामला का खुलासा कर दिया. सिटी एसपी प्रभात कुमार ने गुरुवार को पूरी कहानी पत्रकारों के सामने बयां की. एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस ने अभिनव के दोस्त के घर से जेवर बरामद कर लिया है. इसमें एक मंगल सूत्र (मोती से बना), एक मंंगल सूत्र (सोने का लॉकेट वाला), एक सोने के लॉकेट, एक कान का छुछिया, एक जोड़ी चांदी की बिछिया तथा दो लाल बैग शामिल है.
इस मामले में अभिनव के पिता डीके सिंह के बयान पर दो युवकों के खिलाफ 12 अप्रैल को कदमा थाना में लूटकांड की प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. मौके पर डीएसपी कैलाश करमारी, सर्किल इंस्पेक्टर बुधराम उरांव तथा कदमा थानेदार विनोद पासवान भी मौजूद थे.
अखबार में समाचार छपने के बाद शुभम ने दूसरे दोस्त को जेवर दे दिये
सिटी एसपी ने बताया कि अभिनव जब अपने दोस्त शुभम के घर जेवर रखने गया था तब शुभम ने उसे समझाया कि वह ऐसा न करे. उसे रुपये की जरूरत है तो अपने माता-पिता को जानकारी दे, लेकिन अभिनव ने शुभम को यह कहते हुए जेवर रखने को कहा कि जब वह मांगेगा तो लौटा दे. अभिनव ने फ्लैट में आकर दो युवकों द्वारा लूटकांड की झूठी कहानी 12 अप्रैल की शाम अपने माता-पिता और पुलिस को बतायी.
13 अप्रैल को अखबारों में अभिनव पर हमला कर लूट का मामला छपने के बाद उसके दोस्त सकते में आ गये. शुभम ने अभिनव द्वारा दिये गये जेवर दूसरे दिन रोहित को रखने को दे दिया. पुलिस ने अभिनव के सभी दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तब मामले का खुलासा हुआ. रोहित के घर से जेवर बरामद किया गया है.
अभिनव कक्षा पांच में हो चुका है फेल
पुलिस जांच में पता चला कि अभिनव कक्षा पांच में फेल हो चुका है. उस स्कूल से निकाले जाने के बाद डीबीएमएस स्कूल में दाखिला लिया. इधर कक्षा दसवीं में भी अभिनव को अच्छे अंक नहीं मिलने की आशंका थी. पुलिस के मुताबिक अभिनव ने तांत्रिक के साथ फेसबुक पर मैसेज के जरिये हुए सारे मैसेज को डिलिट कर दिया था. पुलिस को तांत्रिक का नंबर 7073995726 हाथ लगा है. पुलिस मोबाइल नंबर के मुताबिक तांत्रिक का पता लगा रही है.
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
अभिनव पर बोतल से हमला कर रुपये व जेवर लूट घटना की जांच कर रही पुलिस टीम को तीन दिन तक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद कुछ नहीं मिला. किसी से दुश्मनी नहीं होने और घर में नौकरानी नहीं होने की वजह से पुलिस का शक अभिनव की तरफ गया. पुलिस ने अभिनव को तीन दिन पहले हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस की इस कार्रवाई पर अभिनव के परिजनों ने नाराजगी जतायी थी. पुलिस ने अभिनव से पूछताछ के लिए अलग-अलग तरीका आजमाया. इमोशनल पूछताछ में अभिनव टूट गया और सच्चाई बता दी.
अभिनव के बयान के आधार पर उसके पांच दोस्तों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है. पुलिस के मुताबिक अभिनव ने 12 अप्रैल की सुबह शराब की बोतल वी ब्लॉक के नीचे छुपाकर रख दी. शाम में माता-पिता के वाक पर चले जाने के बाद शराब की बोतल लाया. दीवार पर बोतल तोड़ी और फिर अलमारी से सामान निकालकर बिखेरा. बोतल से सिर और हाथ में हल्की खरोंच लगायी और फिर फोन से पिता को जानकारी देने के बाद उसे तोड़ दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




