गढ़वा: रंका में जंगली हाथियों का कहर, बुजुर्ग की दर्दनाक मौत, एक व्यक्ति घायल
हाथी सांकेतिक तस्वीर (AI Image)
Garhwa Elephant Attack: झारखंड के गढ़वा जिले के रंका में जंगली हाथियों के आतंक से एक बुजुर्ग की मौत हो गई. हाथियों ने एक व्यक्ति को घायल भी कर दिया. वन विभाग ने पीड़ित परिवार को तत्काल 50 हजार रुपये की मुआवजा राशि दी.
रंका से नंद कुमार की रिपोर्ट
Garhwa Elephant Attack: गढ़वा के रंका थाना क्षेत्र के चुतरू निवासी मोहन माझी उर्फ डिगर माझी (61) को जंगली हाथी ने पटक-पटककर मार डाला. वहीं इस घटना में एक अन्य व्यक्ति सरदार माझी (40) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज गांव के ही एक निजी क्लीनिक में किया जा रहा है. यह घटना शुक्रवार की रात करीब 10 बजे की है. घटना के बाद से पूरे चुतरू गांव और आसपास के ग्रामीण इलाकों में हाथियों के खौफ से भारी दहशत का माहौल है.
घर के बाहर सो रहे बुजुर्ग को हाथी ने बनाया शिकार
जानकारी के अनुसार, चुतरू गांव के बाजार टांड़ निवासी मोहन माझी उर्फ डिगर माझी शुक्रवार की रात अपने घर के बाहर खाट पर सो रहे थे. इसी दौरान हाथियों का एक झुंड अचानक तांडव मचाते हुए चुतरू गांव में दाखिल हो गया. इससे पहले कि सो रहे मोहन माझी कुछ समझ पाते या भाग पाते, एक हाथी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और पटक-पटककर मार डाला.
घर तोड़ा, मलबे में दबकर घायल हुआ ग्रामीण
मोहन माझी को निशाना बनाने के बाद हाथियों का झुंड आगे बढ़ा और बगल के रहने वाले सरदार माझी के घर को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया. हाथियों द्वारा घर तोड़े जाने के कारण दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे घर के अंदर खाट पर सो रहे सरदार माझी मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए. इसके बाद घर के अन्य सदस्यों और ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू किया. ग्रामीणों की एकजुटता और शोरगुल को देखकर हाथियों का झुंड गांव से निकलकर वापस जंगल की ओर बढ़ गया.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा वन विभाग
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया मो खालिद अंसारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे. मुखिया द्वारा तत्काल इसकी जानकारी वन विभाग को दी गई. मुखिया की त्वरित पहल पर वनपाल राजीव पांडेय और वन कर्मी रात में ही चुतरू गांव पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. वन विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए मुखिया के हाथों तत्काल पचास हजार रुपए की मुआवजा राशि दी की गई. वनपाल राजीव पांडेय ने कहा कि जरूरी सरकारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुआवजे की बाकी की पूरी राशि भी जल्द ही परिजनों को दे दी जाएगी. इधर, घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया है.
यह भी पढ़ें: लाखों रुपये खर्च कर बूटी मोड़ में बनाया गया मीट हाउस, बरसों से बना है शोपीस, देखें वीडियो
यह भी पढ़ें: रांची में 177 करोड़ में बनेगा पहला शानदार सिक्स लेन का स्मार्ट रोड, फुटपाथ के साथ बनेगा साइकिल ट्रैक
यह भी पढ़ें: धनबाद, खरसावां और नोवामुंडी में 28 जून से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान, लाखों बच्चों को पिलाई जाएगी जीवनरक्षक खुराक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sweta Vaidya
श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में श्वेता झारखंड बीट को कवर कर रही हैं, जहां वह राज्य की ताजा खबरें, लोगों की भलाई से जुड़े मुद्दे, सरकारी योजनाओं, स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विषयों पर आधारित स्टोरीज तैयार करती हैं. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो. झारखंड बीट से पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर आर्टिकल लिखे.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










