भारत ने पाकिस्तान की उड़ाई धज्जियां, FIH प्रो लीग में 7-1 से रौंदा

Updated:
विज्ञापन

भारतीय हॉकी टीम (फोटो-सोशल मीडिया)

FIH प्रो लीग में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पाकिस्तान को 7-1 से करारी शिकस्त दी. एक समय मुकाबला 1-1 की बराबरी पर था, लेकिन दूसरे हाफ में भारत ने छह गोल दागकर पाकिस्तान को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया.

विज्ञापन

FIH Pro League: भारत ने एक बार फिर अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी है. लंदन के ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर में 26 जून को खेले गए FIH प्रो लीग मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पाकिस्तान को 7-1 से रौंद दिया. मैच की शुरुआत पाकिस्तान के पक्ष में रही, लेकिन इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का ऐसा प्रदर्शन किया कि पाकिस्तान पूरी तरह मुकाबले से बाहर हो गया.

विज्ञापन

पाकिस्तान ने 13वें मिनट में अबू महमूद के पेनल्टी कॉर्नर पर किए गए शानदार ड्रैग-फ्लिक गोल की बदौलत बढ़त हासिल की. हालांकि भारत ने ज्यादा देर इंतजार नहीं किया और 20वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह की ड्रैग-फ्लिक सुखजीत सिंह से डिफ्लेक्ट होकर गोल में पहुंची, जिससे स्कोर 1-1 हो गया.

अहमद नदीम के चोटिल होने के बाद पाकिस्तान की हुई स्थिति खराब

दूसरे क्वार्टर में खेल काफी संघर्षपूर्ण रहा. इसी दौरान पाकिस्तान के अहमद नदीम की आंख पर गंभीर चोट लगी, जिसके चलते उन्हें व्हीलचेयर पर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा और बाद में अस्पताल भेजा गया. इस घटना के कारण मैच कुछ देर के लिए रुका रहा.

भारत ने पाकिस्तान के डिफेंस को किया तहस-नहस

खेल दोबारा शुरू होने के बाद भारतीय टीम ने मैच पर पूरी तरह कब्जा जमा लिया. हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर भारत को बढ़त दिलाई. इसके बाद तीसरे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के डिफेंस को तहस-नहस कर दिया. 34वें मिनट में हार्दिक सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल किया, जबकि अगले ही मिनट जुगराज सिंह ने शानदार फील्ड गोल दागकर बढ़त और मजबूत कर दी.

चौथे क्वार्टर में पाकिस्तान हुआ पस्त

भारत का हमला यहीं नहीं रुका. 41वें मिनट में अभिषेक ने दमदार रिवर्स हिट से गोल किया और तीन मिनट बाद राजकुमार पाल ने स्कोर 6-1 कर दिया. अंतिम क्वार्टर में भी भारतीय टीम का दबदबा कायम रहा और 54वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने गोल कर पाकिस्तान की हार को और बड़ा बना दिया. भारत के लिए सुखजीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, जुगराज सिंह, अभिषेक, राजकुमार पाल और दिलप्रीत सिंह ने एक-एक गोल किया. पाकिस्तान की ओर से एकमात्र गोल अबू महमूद के नाम रहा.

अंक तालिका में भारत को बड़ा फायदा

इस शानदार जीत के साथ भारतीय टीम ने अंक तालिका में लंबी छलांग लगाई है. 15 मैचों में 17 अंक के साथ भारत सातवें स्थान पर पहुंच गया है, जबकि टीम को अभी इंग्लैंड के खिलाफ एक और मुकाबला खेलना है. दूसरी ओर पाकिस्तान का निराशाजनक प्रदर्शन जारी है. टीम अपने सभी 15 मैच गंवा चुकी है और इस सीजन में तीसरी बार एक मैच में सात गोल खा चुकी है.

यह भी पढ़ें: नॉकआउट में एंट्री करते ही केप वर्डे के खिलाड़ियों का ऐसा जश्न, वीडियो देख रह जाएंगे दंग

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola