30 हजार की सुपारी देकर करायी थी पत्नी की हत्या, तीन गिरफ्तार

Published by :SUNIL PRASAD
Published at :02 May 2026 9:55 PM (IST)
विज्ञापन
30 हजार की सुपारी देकर करायी थी पत्नी की हत्या, तीन गिरफ्तार

केरेडारी फायरिंग कांड में पुलिस का सनसनीखेज खुलासा

विज्ञापन

हजारीबाग. केरेडारी थाना क्षेत्र के कोले स्टेशन के समीप मोटरसाइकिल से गुजर रहे दंपती पर अपराधियों ने 26 अप्रैल को फायरिंग की थी. इसमें मंजू देवी की मौत हो गयी थी, जबकि उसका पति विकास कुमार प्रजापति घायल हो गया था. इस घटना को अंजाम देने वाले तीन अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया है. गिरफ्तार आरोपियों में मृतका का पति विकास कुमार प्रजापति, ससुर नरेश प्रजापति (दोनों रांची जिला के खलारी निवासी) एवं बुढ़मू थाना क्षेत्र के हरिलेटा गांव के लालेश्वर गंझू शामिल हैं. मुख्य आरोपी सुनील गंझू फरार है. पुलिस ने उक्त तीनों आरोपियों को शनिवार को जेल भेज दिया.

30 हजार में तय हुआ था सौदा

एसपी अमन कुमार ने बताया कि मंजू देवी की हत्या के लिए उसके पति विकास ने सुनील गंझू को 30 हजार रुपये की सुपारी दी थी. वारदात से पहले 15 हजार रुपये अग्रिम दिये गये थे और शेष राशि काम होने के बाद देनी तय हुई थी.

रोज-रोज के विवाद के कारण रची साजिश

पूछताछ में विकास ने बताया कि मंजू उसकी दूसरी पत्नी थी. मंजू को संदेह था कि वह अपनी पहली पत्नी से बात करता है. इसी बात को लेकर घर में रोज विवाद होता था. इसी से आजिज आकर उसने पत्नी को रास्ते से हटाने की योजना बनायी.

घटना को लूट का रूप देने की थी कोशिश

हत्या की योजना में विकास का पिता नरेश प्रजापति भी शामिल था. विकास ने सुनील गंझू से कहा था कि घटना को ऐसा अंजाम देना जिससे यह लूटपाट के दौरान हुई हत्या प्रतीत हो. इसीलिए सुनील ने मंजू को गोली मारने के बाद विकास के हाथ में भी गोली मारकर उसे घायल किया था. छापामारी दल में बड़कागांव एसडीपीओ, इंस्पेक्टर सहित केरेडारी व पिपरवार थाना प्रभारी शामिल थे.

विज्ञापन
SUNIL PRASAD

लेखक के बारे में

By SUNIL PRASAD

SUNIL PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola