छड़वा में मुहर्रम मेला चार जुलाई से

एडिशनल एसपी, बीडीओ और सीओ ने मेला स्थल का किया निरीक्षण
कटकमसांडी. प्रखंड के छड़वा में तीन दिवसीय मुहर्रम मेला का आयोजन चार जुलाई (अष्टमी तिथि) से छह जुलाई (दशमी तिथि) तक किया जायेगा. तैयारियां जोरों पर हैं. मेला को सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संचालित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक प्रबंध किये जा रहे हैं. मेला स्थल की निगरानी के लिए हजारीबाग-चतरा मुख्य मार्ग के पास एक वॉच टावर बनाया जा रहा है. इसके अलावा पुरुष और महिलाओं के लिए अलग-अलग मंच बनाये जा रहे हैं. जनप्रतिनिधियों और अतिथियों के बैठने के लिए भी अलग मंच तैयार किया जा रहा है. मंगलवार को इमामबाड़ा में मिट्टी रखने की रस्म के साथ मुहर्रम के रस्मों की शुरुआत की गयी. सभी अखाड़ाधारी अपने-अपने ताजिया और निशानों को अंतिम रूप देने में लगे हैं. मुहर्रम कमेटी के अध्यक्ष मुख्तार अंसारी, सचिव नौशाद खान एवं मीडिया प्रभारी साजिद अली खान ने बताया कि अष्टमी और नवमी को गांव-गांव से जुलूस छड़वा मेला स्थल पहुंचेंगे. वहां अखाड़ेधारी तलवार, लाठी और अन्य पारंपरिक हथियारों से कौशल प्रदर्शन करेंगे. दशमी को एक दर्जन से अधिक गांवों से ताजिया और निशान के साथ जुलूस निकाले जायेंगे. जो मेले में सामूहिक प्रदर्शन करेंगे. बेहतर प्रदर्शन करने वाले जुलूसों को सम्मानित किया जायेगा. एडिशनल एसपी अमित कुमार ने मेला स्थल का निरीक्षण किया. उनके साथ पेलावल ओपी प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय एवं मुहर्रम कमेटी के पदाधिकारी व सदस्य भी थे. बीडीओ पूजा कुमारी एवं सीओ अनिल कुमार गुप्ता ने भी तैयारियों का जायजा लिया व आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




