पत्रकारों पर हमला निंदनीय, सवाल पूछना मीडिया का अधिकार : सांसद

मंत्री के सामने पत्रकारों पर हुए हमले की सांसद ने निंदा की, एफआइआर दर्ज करने की मांग
हजारीबाग. पत्रकारों पर हमला काफी निंदनीय है. मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है. पत्रकारों को सवाल पूछने की आजादी है. अगर पत्रकार सवाल नहीं पूछेंगे, तो आम लोगों तक सही जानकारी कैसे पहुंच पायेगी. उक्त बातें सांसद मनीष जायसवाल ने शनिवार को झंडा चौक स्थित अपने आवासीय कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही. सांसद ने कहा कि 22 अप्रैल को बड़कागांव के 13 माइल क्षेत्र में एक हाइवा को आग के हवाले कर दहशत फैलाने की कोशिश की गयी. 17 से 19 अप्रैल के बीच मुफ्फसिल थाना में एक दलित महिला और दो वर्षीय दूधमुंहे बच्चे को 38 घंटे तक हिरासत में रखकर यातनाएं दी गयीं. उनकी पिटाई की गयी. इस मामले में पीड़िता की ओर से शिकायत किये जाने के बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. 24 अप्रैल को बरही में हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े बैंक ऑफ महाराष्ट्र में घुसकर करीब छह से सात करोड़ रुपये मूल्य का सोना और कैश लूट लिया. 26 अप्रैल को केरेडारी थाना क्षेत्र में एक दंपती पर फायरिंग की गयी, जिसमें राय बस्ती निवासी विकास प्रजापति की पत्नी मंजू देवी की मृत्यु हो गयी और अपराधी अब तक फरार हैं. 27 अप्रैल को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पौता जंगल से तीन लापता बच्चों (दो बालिका और एक बालक) का शव बरामद हुआ, जो हजारीबाग के लिए बहुत ही दुखद घटना है. सांसद ने कहा कि केवल वारंटियों को गिरफ्तार करने से कानून व्यवस्था दुरुस्त नहीं होगी. वारंटी पकड़ना जरूरी है, लेकिन जिले की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी पुलिस की है. पुलिस यदि अपने लोकप्रिय हथकंडे को छोड़कर अपराध नियंत्रण पर ध्यान केंद्रित नहीं करती है, तो भाजपा सड़क पर उतरकर इसका पुरजोर विरोध करेगी. उन्होंने मंत्री के समर्थकों द्वारा पत्रकारों के साथ गाली-गलौज, बदसलूकी और मारपीट की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया. सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि हजारीबाग में हाल के दिनों में घटित घटना अत्यंत दुखद और शर्मनाक है. इस पूरे मामले को जिस प्रकार से अलग-अलग रूप देकर प्रस्तुत किया जा रहा है, वह उचित नहीं है. अपराधी सिर्फ अपराधी होता है उसकी पहचान किसी भी पार्टी या विचारधारा से नहीं जोड़ी जानी चाहिए. यदि समय रहते जानकारी मिलती, तो हम भी अपने स्तर से बच्चों की तलाश में सहयोग करते.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










