आइसीयू का वेंटिलेटर खराब मिला, डिफिब्रिलेटर पर जमी थी धूल
Published by : SUNIL PRASAD Updated At : 22 Jan 2026 11:26 PM
संयुक्त सचिव ने शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल का औचक निरीक्षण
हजारीबाग. स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सचिव ललित कुमार शुक्ला एवं रिम्स के क्रिटिकल केयर इंचार्ज सह ट्रॉमा सेंटर प्रभारी डॉ प्रदीप भट्टाचार्य ने गुरुवार को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अस्पताल की कई खामियां उजागर हुईं, जिस पर पदाधिकारियों ने नाराजगी जतायी. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न वार्डों का जायजा लिया. इस दौरान अस्पताल में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पायी गयी. अधिकारियोंं ने आइसीयू की व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त किया. आइसीयू में लगा वेंटिलेटर खराब पाया, जबकि जीवन रक्षक उपकरण डिफिब्रिलेटर पर धूल जमी हुई थी. संयुक्त सचिव ने आइसीयू इंचार्ज से डिफिब्रिलेटर के संचालन के संबंध में जानकारी ली, लेकिन उपकरण की बदहाल स्थिति देख नाराजगी जाहिर की. आइसीयू में लगे पंखों पर जमी गंदगी को लेकर भी सवाल उठाये.
सदर अस्पताल के वार्डों से भी बदतर हालात
संयुक्त सचिव ललित कुमार शुक्ला ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल के वार्डों की स्थिति सदर अस्पताल के वार्डों से भी बदतर है, जो अत्यंत चिंताजनक है. उन्होंने अस्पताल के चिकित्सकों के कार्य-व्यवहार पर भी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी अस्पताल में जिस तरह से चिकित्सक बैठे हैं, क्या वे अपने निजी क्लिनिक में भी इसी तरह कार्य करते हैं?
मरीजों के इलाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
निरीक्षण के दौरान संयुक्त सचिव ने अस्पताल अधीक्षक को निर्देश दिया कि अस्पताल में जरूरी सामानों की खरीद में बाधा पहुंचाने वाले पदाधिकारियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.
विभाग प्रमुखों की बैठक में दिये कई निर्देश
निरीक्षण के उपरांत संयुक्त सचिव ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल के विभिन्न विभागों के प्रमुखों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में अस्पताल की व्यवस्था में सुधार, साफ-सफाई, उपकरणों की मरम्मत व उपलब्धता तथा चिकित्सकीय सेवा को बेहतर करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये गये. उन्होंने तय समय-सीमा में सभी खामियों को दूर करने का निर्देश दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










