सौहार्द के साथ मनायें पर्व : डीसी
Published by : SUNIL PRASAD Updated At : 18 Mar 2026 10:51 PM
कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कार्रवाई
हजारीबाग. जिला प्रशासन रामनवमी, ईद-उल-फितर एवं सरहुल जैसे त्योहारों को शांतिपूर्ण संपन्न कराने एवं विधि व्यवस्था के पालन के उद्देश्य से सभी वर्गों एवं समुदायों के गणमान्य लोगों एवं बुद्धिजीवियों से संवाद कर रहा है. उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में बैठक हुई. इसमें शहर के मौलाना, मौलवी, सद्भावना विकास मंच के सदस्य एवं अन्य गणमान्य नागरिक शामिल हुए. बैठक में सभी प्रतिनिधियों ने अपनी बात रखते हुए जिला प्रशासन को कई सुझाव दिये. बिजली तार एवं पोल ठीक करने, सड़कों में बने गड्ढों की मरम्मत, विवादित गानों पर रोक, संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग, मस्जिदों की सुरक्षा, पेड़ों की कटाई, सोशल मीडिया की निगरानी तथा जरूरत के अनुसार सुरक्षा बलों की तैनाती जैसे मुद्दों पर चर्चा की गयी. जिला प्रशासन ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उसे सुदृढ़ एवं प्रभावी ढंग से लागू करने का आश्वासन दिया. उपायुक्त ने उपस्थित लोगों से अपील की कि आपसी सौहार्द्र, भाईचारा एवं शांति बनाये रखते हुए त्योहारों को मनायें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कानून को हाथ में लेने वाले या असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी. जिला प्रशासन सभी नागरिकों से अपील करता है कि वे सहयोग की भावना के साथ प्रशासन का साथ दें, ताकि सभी पर्व शांति, सौहार्द एवं उल्लास के साथ संपन्न हो सकें. बैठक में सदर एसडीओ आदित्य पांडेय, एसी संतोष सिंह, प्रशिक्षु आइएएस आनंद शर्मा, डीसीएलआर राजकिशोर प्रसाद, डीपीआरओ रोहित कुमार, एनडीसी प्रदीप कुमार सहित सद्भावना विकास मंच के सदस्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










