तिलैया डैम में डूबने से युवक की मौत
Published by : SUNIL PRASAD Updated At : 20 May 2026 10:54 PM
बुधवार की सुबह दोस्तों के साथ डैम में नहाने गया था अफरोज अंसारी
बरही. तिलैया डैम में नहाने गये मो अफरोज अंसारी (26 वर्ष, पिता इकबाल अंसारी) की डूबने से मौत हो गयी. वह ग्राम दुलमुहा, गिरी टोला का रहने वाला था. जानकारी के अनुसार अफरोज बुधवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे सन्नी, सादाब, अनुज सहित छह दोस्तों के साथ बुंडू फार्म खैरा करमा के पास तिलैया डैम में नहाने गया था. नहाने के क्रम में वह गहरे पानी में चला गया अौर डूब गया. उसे डूबते देख किनारे नहा रहे उसके दोस्तों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण पहुंचे. ग्राम खैरा करमा के अशोक सिंह ने गहरे पानी में डूबे अफरोज को खोजकर बाहर निकाला. इसके बाद उसे मोटरसाइकिल से बरही अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी शोक है. पंचायत समिति सदस्य जितेंद्र गिरी ने बताया कि अफरोज हैदराबाद में पिता के साथ हाइड्रा मशीन चलाने का काम करता था. वह पांच दिन पहले ही बकरीद का त्योहार मनाने के लिए घर आया था. घटना की खबर उसके पिता को दे दी गयी है. वे हैदराबाद से गुरुवार को घर पहुंचेंगे, तो अफरोज का अंतिम संस्कार होगा. पुलिस ने अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










