रथ मेला से लौटने के दौरान पांच अलग-अलग सड़क हादसों में 10 लोग घायल

Updated:
विज्ञापन

गुमला में रथ मेला से लौटने के दौरान हुई पांच अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 10 लोग घायल हो गए. घायलों का सदर अस्पताल में इलाज जारी है, पुलिस जांच कर रही है.

विज्ञापन

प्रतिनिधि, गुमला

रथ मेला से लौटने के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गुरुवार को सड़क दुर्घटनाओं की पांच अलग-अलग घटनाओं में कुल 10 लोग घायल हो गये. इनमें कई की हालत गंभीर बतायी जा रही है. कुछ हादसों में अज्ञात वाहन टक्कर मारकर फरार हो गये, जबकि कुछ दुर्घटनाएं बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से हुई. सभी घायलों को स्थानीय अस्पतालों में प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल गुमला रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. पहली घटना सदर थाना क्षेत्र के टोटो के समीप हुई, जहां कांसीटोली निवासी 42 वर्षीय सूरज कच्छप रथ मेला देखकर घर लौट रहे थे. पीछे से आ रही एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और फरार हो गया. हादसे में उनके दाहिने पैर पर वाहन का पहिया चढ़ गया, जिससे पैर टूट गया.

दूसरी घटना लोदाम थाना क्षेत्र के पतराटोली के समीप हुई जहां करौंदी रथ मेला जा रहे 32 वर्षीय बिलाल साहू की बाइक का पहिया फिसलने से वाहन अनियंत्रित होकर गिर गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गये. वहीं तीसरी घटना रायडीह थाना क्षेत्र के सीलम के समीप हुई. जहां रूकरूम अंबादोहर निवासी 22 वर्षीय प्रेम समीर एक्का और 19 वर्षीय आकर्षित एक्का रथ मेला से लौट रहे थे. पीछे से आए एक मोटरसाइकिल सवार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और फरार हो गया. उपचार के बाद आकर्षित एक्का को छुट्टी दे दी गयी, जबकि प्रेम समीर एक्का का इलाज जारी है.

चौथी घटना भी सीलम ढलान के समीप हुई, जहां डेरांगडीह निवासी 17 वर्षीय इरमियुस कुजूर, 17 वर्षीय अनुपम टोप्पो और 18 वर्षीय मिलयुस खाखा एक ही बाइक से लौट रहे थे. बाइक अनियंत्रित होकर गिर गयी, जिससे तीनों घायल हो गये. अनुपम टोप्पो और मिलयुस खाखा को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी, जबकि इरमियुस कुजूर का इलाज चल रहा है. पांचवीं घटना पालकोट से लौटने के दौरान हुई.

जहां बसिया थाना क्षेत्र के निनई निवासी 33 वर्षीय बिरसा सोलंकी, 20 वर्षीय अभय सोलंकी और 21 वर्षीय कृष्णा सोलंकी की बाइक को सामने से आ रही एक बोलेरो ने टक्कर मार दी. हादसे में तीनों घायल हो गये. बिरसा सोलंकी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल गुमला रेफर किया गया. इन पांच अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कुल 10 लोग घायल हुए हैं. पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी है, जबकि फरार वाहन चालकों की तलाश की जा रही है.


विज्ञापन
दुर्जय पासवान

लेखक के बारे में

By दुर्जय पासवान

दुर्जय पासवान ने वर्ष 2001 से पत्रकारिता की शुरुआत की. दैनिक जागरण में दो साल काम करने के बाद 2003 में वे प्रभात खबर से जुड़े. इसके साथ ही नयी दुनिया अखबार, प्रहार मैगजीन में भी अपनी सेवा दी. इसके बाद 2010 में वे दैनिक भास्कर गुमला का ब्यूरो इंचार्ज के रूप में काम शुरू किये. भास्कर में पांच साल सेवा देने के बाद दोबारा 2014 में प्रभात खबर में ब्यूरो इंचार्ज के रूप में वापसी की. तब से अबतक प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने नक्सलियों से जुड़ी खबरें, नक्सली घटनाएं, ग्राउंड रिपोर्ट, प्राचीन और ऐतिहासिक धरोहरों की खोज से संबंधित खबरों पर अच्छा काम किया. इन्हीं खबरों ने उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में पहचान दी. दुर्जय पासवान बहुत लगन से अपना सभी काम का पूरा करते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola