अवैध खनन, नशा कारोबार व सड़क सुरक्षा पर सख्ती बरतें : डीसी

Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 21 May 2026 9:54 PM

विज्ञापन

जिला टास्क फोर्स, एनसीओआरडी, सड़क सुरक्षा व कारा सुरक्षा की समीक्षा बैठक

विज्ञापन

गुमला. उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला टास्क फोर्स (खनन), एनसीओआरडी (नारकोटिक्स नियंत्रण), सड़क सुरक्षा व कारा सुरक्षा से संबंधित समीक्षा बैठक हुई. बैठक में जिले में अवैध खनन, मादक पदार्थों की रोकथाम, सड़क सुरक्षा व्यवस्था व मंडल कारा की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर चर्चा हुई. उपायुक्त ने जिले में मादक पदार्थों व अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान चलाने का निर्देश दिया. विशेष रूप से चैनपुर समेत संवेदनशील क्षेत्रों में अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए थाना प्रभारियों को नियमित छापेमारी अभियान चलाने को कहा. बाहरी जिलों से हो रही ड्रग्स सप्लाई पर निगरानी रखने तथा बाजार और हाटों में सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिये गये. उपायुक्त ने सड़क किनारे अवैध शराब बिक्री पर पूर्ण रोक सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों, महाविद्यालयों व सार्वजनिक स्थलों पर नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया. सड़क सुरक्षा समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने मानसून से पहले सभी सड़कों के गड्ढों की मरम्मत कराने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया. परिवहन विभाग व पुलिस प्रशासन को संयुक्त रूप से हेलमेट जांच, वाहन फिटनेस, ओवरलोडिंग, पुराने व असुरक्षित वाहनों तथा स्कूली वाहनों की नियमित जांच अभियान चलाने को कहा गया. जिला टास्क फोर्स (खनन) की समीक्षा में बताया गया कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशानुसार 10 जून 2026 से 15 अक्तूबर 2026 तक नदियों से बालू उठाव पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा. उपायुक्त ने प्रतिबंध अवधि में किसी भी प्रकार के अवैध बालू उठाव पर कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने बालू, पत्थर व बॉक्साइट के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ नियमित छापेमारी अभियान चलाने, खनिज परिवहन में लगे वाहनों को तिरपाल से ढक कर चलाने तथा चालान और ओवरलोडिंग की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा. बैठक में जानकारी दी गयी कि पिछले एक वर्ष में अवैध खनन के मामलों में 59 प्राथमिकी दर्ज की गयीं तथा 72 वाहनों को जब्त किया गया. अप्रैल 2026 में भी छह प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं. उपायुक्त ने बॉक्साइट खदान संचालकों को खनन के बाद गड्ढों की भराई (बैकफिलिंग) कर भूमि को पुनः खेती योग्य बनाने का निर्देश दिया, ताकि पर्यावरणीय संतुलन व भूमि संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके. मंडल कारा सुरक्षा समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने कारा परिसर के नये विस्तारित खंड में कैदियों को स्थानांतरित करने से पूर्व सीसीटीवी कैमरा व इलेक्ट्रिक फेंसिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही नवनिर्मित प्रशासनिक भवन के वॉच टावर में दरार व उत्तर दिशा की ओर झुकाव की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल तकनीकी जांच और आवश्यक मरम्मत कराने को कहा. उन्होंने कारा परिसर में नाली, शौचालय व भवनों के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत 10 दिनों के अंदर पूरा करने का निर्देश दिया. बैठक में अपर समाहर्ता शशिंद्र कुमार बड़ाइक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर राजीव नीरज, अनुमंडल पदाधिकारी चैनपुर पूर्णिमा कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी बसिया जयवंती देवगम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चैनपुर श्रुति कुमारी, जिला खनन पदाधिकारी विभूति कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी आदि उपस्थित थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola