झारखंड के गुमला में भीषण सड़क हादसा, दो बुजुर्गों और एक बच्चे की मौत

Updated at : 16 Sep 2025 9:06 PM (IST)
विज्ञापन
Gumla Sadar Hospital Mortuary

गुमला सदर अस्पताल का शव गृह

Road Accident: झारखंड के गुमला जिले के डुमरी में मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हुआ. इसमें दो बुजुर्गों और एक बच्चे की मौत हो गयी. हादसे के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. ऑटो और बोलेरो की सीधी टक्कर में ये हादसा हुआ. बोलेरो का ड्राइवर ऑटो में टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

विज्ञापन

Road Accident: गुमला-झारखंड के गुमला जिले के डुमरी थाना स्थित महुआडांड़ और जैरागी मुख्य पथ पर अंवराटोली बगीचा के समीप मंगलवार की शाम को भीषण सड़क हादसा हुआ है. ऑटो और बोलेरो की सीधी भिड़ंत में दो वृद्ध और एक मासूम बच्चे की मौत हो गयी. हादसा उस समय हुआ, जब जैरागी बाजार से लौट रहे ऑटो को विपरीत दिशा से आ रही बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही ऑटो पलट गया. ऑटो में सवार दाबू चीरोटोली गांव के हुंदरू नगेसिया (65 वर्ष) और लातेहार जिले के महुआडांड़ महुआटोली निवासी बीतू तुरी (55 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि ऑटो में सवार ढाई साल का अनीश बाड़ा को गुमला सदर अस्पताल ले जाने के क्रम में रायडीह के समीप हालत बिगड़ने पर सीएचसी रायडीह ले जाया गया, जहां चिकित्सक द्वारा जांच के बाद मृत घोषित कर दिया गया.

टक्कर मारकर बोलेरो ड्राइवर फरार


हादसे के बाद ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरी लाया गया, जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अलबेल केरकेट्टा ने मासूम बच्चे का प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया. हादसे में मासूम के सिर पर गंभीर चोट लगी थी. घटना की जानकारी ग्रामीणों ने डुमरी थाने को दी. सूचना मिलते ही थाना के एसआई आनंदी साहू, एएसआइ अंकित राज एवं एएसआइ सुनील बाउरी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. मामले की जानकारी लेकर छानबीन में जुट गए हैं. बोलेरो चालक टक्कर मारकर फरार हो गया. उदनी पंचायत के मुखिया डेविड मिंज ने डुमरी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना एवं मृतक के परिवारजनों को ढाढ़स बंधाया.

ये भी पढ़ें: झारखंड के सभी जिलों में बनेगा बार भवन, बार काउंसिल बिल्डिंग का शिलान्यास कर बोले सीएम हेमंत सोरेन

सिसई में दो बाइक की भिड़ंत, युवक की मौत, दो घायल


सिसई में दो बाइक की सीधी भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गयी. वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना मंगलवार की शाम सात बजे की है. पंडरानी गांव स्थित कस्तूरबा स्कूल गेट के समीप हादसा हुआ है. मृतक छरदा रोड निवासी किसुन साहू का 20 वर्षीय पुत्र सुलेंद्र साहू है. कोचा गांव निवासी संदीप कुजूर और कॉलेज रोड निवासी शांति कुमारी घायल हैं. संदीप का एक पैर टूट गया है. उसे रांची रेफर कर दिया गया है.

विज्ञापन
Guru Swarup Mishra

लेखक के बारे में

By Guru Swarup Mishra

मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola