गौझींन तालाब में मिले प्रतिबंधित पशु के अवशेष, जांच में जुटा प्रशासन

Updated:
विज्ञापन
गौझींन तालाब में मिले प्रतिबंधित पशु के अवशेष, जांच में जुटा प्रशासन

ग्रामीणों व हिंदू संगठनों में आक्रोश, अवैध बूचड़खाने की आशंका, जांच के लिए भेजे गये नमूने

विज्ञापन

सिसई. सिसई थाना क्षेत्र के लकेया गांव स्थित गौझींन तालाब में सोमवार सुबह प्रतिबंधित पशु के अवशेष मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी. तालाब से पशुओं के दो सिर, दो पैर, चमड़ा समेत अन्य अवशेष बरामद होने के बाद ग्रामीणों और विभिन्न हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश देखा गया. सूचना मिलते बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गये और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करने लगे. पुलिस और प्रखंड प्रशासन ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह गांव के कुछ लोग शौच के लिए तालाब की ओर गये थे. इसी दौरान उनकी नजर तालाब में पड़े पशुओं के सिर और पैरों पर पड़ी. देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गयी और लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गयी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिसई थाना प्रभारी नीरज कुमार, भरनो थाना प्रभारी आदित्य कुमार चौधरी तथा अंचल अधिकारी अशोक बड़ाइक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. प्रशासन की मौजूदगी में जेसीबी मशीन की सहायता से तालाब का पानी हटा कर अवशेषों को बाहर निकाला गया. जांच के लिए कुछ नमूने सुरक्षित रखे गये, जबकि शेष अवशेषों को नदी किनारे दफना दिया गया. ग्रामीणों का कहना है कि तालाब का उपयोग पशुओं को पानी पिलाने और अन्य दैनिक कार्यों के लिए किया जाता है. अवशेषों के सड़ने से आसपास दुर्गंध फैल गयी है और तालाब का पानी भी दूषित हो गया है. ग्रामीणों ने अधिकारियों को आवेदन सौंप कर मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है. आवेदन में आसपास कहीं अवैध बूचड़खाने के संचालन की आशंका भी जतायी गयी है.

हिंदू संगठनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

हिंदू जागरण मंच के संजय वर्मा व विश्व हिंदू परिषद के मुकेश श्रीवास्तव, रोहित शर्मा, मनीष बाबू और सौरभ ताम्रकार ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि सार्वजनिक उपयोग वाले तालाब में गौवंश के अवशेष फेंके जाने से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. संगठनों ने गौ तस्करी पर रोक लगाने, अवैध बूचड़खानों के खिलाफ कार्रवाई करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.

सभी पहलुओं की हो रही जांच : पुलिस

सिसई थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि घटनास्थल से लिए गये नमूनों की जांच करायी जा रही है. रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है. फिलहाल गांव का माहौल शांतिपूर्ण है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola