पैंगोलिन तस्करों का केंद्रीय टीम पर हमला, जान बचाकर भागी टीम

Published by : Akarsh Aniket Updated At : 12 Apr 2026 8:26 PM

विज्ञापन

पैंगोलिन तस्करों का केंद्रीय टीम पर हमला, जान बचाकर भागी टीम

विज्ञापन

प्रतिनिधि, बिशुनपुर गुमला जिले के बिशुनपुर और गारू थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों में वन्यजीव तस्करों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि अब तस्कर केंद्रीय एजेंसियों की टीम पर भी हमला करने से नहीं चूक रहे. ताजा मामला चिलम पोखर गांव के समीप कोयल नदी क्षेत्र का है, जहां वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो (डब्ल्यूसीसीबी) की छह सदस्यीय टीम जय शर्मा के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करने पहुंची थी. सूचना थी कि यहां विलुप्तप्राय पैंगोलिन का शिकार कर उसकी तस्करी की जा रही है. टीम के साथ महुआडांड़ फॉरेस्ट रेंज के कर्मी भी शामिल थे. बच्चा चोर का शोर मचाना शुरू कर दिया जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, तस्करों में अफरा-तफरी मच गयी और वे भागने लगे. साहस दिखाते हुए टीम ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जिसके पास से एक पैंगोलिन बरामद हुआ. लेकिन पकड़े गये आरोपी ने खुद को बचाने के लिए अचानक बच्चा चोर का शोर मचाना शुरू कर दिया. शोर सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गये और बिना सच्चाई जाने केंद्रीय टीम व वनकर्मियों पर पथराव करने लगे. स्थिति इतनी गंभीर हो गयी कि टीम की जान खतरे में पड़ गयी. इस दौरान एक आरोपी महिला को भी पकड़ा गया, लेकिन उसने वन विभाग के वाहन चालक को दांत काटकर खुद को छुड़ा लिया और फरार हो गयी. हालात बिगड़ते देख टीम को मजबूरन अन्य आरोपियों को छोड़ना पड़ा और किसी तरह पैंगोलिन को सुरक्षित लेकर वहां से निकलना पड़ा. घटना की सूचना मिलते ही गुमला एसपी के निर्देश पर बिशुनपुर थाना पुलिस तुरंत चिलम पोखर गांव पहुंची. पुलिस ने मौके से क्षतिग्रस्त कैंपर वाहन और एक मोबाइल फोन बरामद किया है. मामले की जांच शुरू कर दी गयी है तथा हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है.

विज्ञापन
Akarsh Aniket

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola