महंगाई पर कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम का फूंका पुतला

महंगाई पर कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम का फूंका पुतला
गुमला. पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी, घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत तथा बढ़ती महंगाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में स्थानीय टावर चौक के समीप विरोध-प्रदर्शन किया गया. मौके पर कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजनील तिग्गा ने किया. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनाव खत्म होते आम जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ा दिया गया है. पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं. जबकि घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता में कमी और कीमतों में वृद्धि से गरीब एवं मध्यम वर्ग परेशान है. कांग्रेस नेता बंधु तिर्की ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों से आमलोगों का जीना मुश्किल हो गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान महंगाई पर रोक लगायी गयी थी. लेकिन नतीजे आते ही पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा कर जनता को ठगा जा रहा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बन कर सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी. कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजनील तिग्गा ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई नियंत्रित करने में विफल साबित हुई है. घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत से महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी हो रही है. कहा कि सरकार सिर्फ बड़े उद्योगपतियों के हित में काम कर रही है, जबकि आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त है. कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी करने, घरेलू गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा महंगाई पर नियंत्रण लगाने, पीएम व गृह मंत्री से इस्तीफा देने की मांग की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










