मुस्लिम धर्मावलंबियों ने इबादत कर मांगीं दुआएं

मुस्लिम धर्मावलंबियों ने इबादत कर मांगीं दुआएं
सिमडेगा. जिला मुख्यालय समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मुस्लिम धर्मावलंबियों का पवित्र त्योहार शब-ए-बरात मंगलवार की रात अकीदत के साथ मनाया गया. मौके पर लोगों ने अपने घरों व मस्जिदों में पूरी रात भर जाग कर खुदा की इबादत की. शब-ए-बरात की रात लोगों ने पूरी रात इबादत कर अल्लाह से दुआएं मांगी. शहर के जामा मस्जिद, मदीना मस्जिद, रजा मस्जिद, मस्जिद-ए-फातिमा आदि मस्जिदों में शब-ए-बरात को लेकर खास तैयारियां की गयी थी. कई मस्जिदों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. इशा नमाज के बाद उलेमाओं ने इस रात की विशेषताओं के बारे में बताया. इसके बाद लोगों ने कलाम पाक की तेलावत की तथा नमाज अदा की. अहले सुबह अकीदतमंद कब्रिस्तान पहुंच अपने-अपने पूर्वजों की कब्रों के समक्ष जाकर दुआएं की. मौके पर मौलानाओं ने कहा कि गुनाहों से माफी की रात है शब-ए-बरात. इस रात में जो भी सच्चे दिल से अल्लाह की इबादत करता है और अपने गुनाहों से माफी मांगता है, अल्लाह उसे माफी देते हैं.
झामुमो पंचायत अध्यक्ष ने बांटे कंबल
बानो. तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया के सहयोग से झामुमो पंचायत अध्यक्ष संदीप समद द्वारा सोय पंचायत अंतर्गत महाबुआंग डुमरटोली में जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया. मौके पर पंचायत अध्यक्ष संदीप समद ने कहा कि गरीब व असहाय लोगों को राहत पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि विधायक सुदीप गुड़िया हमेशा क्षेत्र की जनता की समस्याओं को लेकर संवेदनशील रहे हैं और उनके मार्गदर्शन में इस तरह के जनकल्याणकारी कार्य लगातार किये जा रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










