कुरूमगढ़ वन क्षेत्र में तेंदुए का आतंक, कई मवेशियों को बनाया शिकार

Published at :11 May 2026 9:49 PM (IST)
विज्ञापन
कुरूमगढ़ वन क्षेत्र में तेंदुए का आतंक, कई मवेशियों को बनाया शिकार

कतारीकोना, कोल्हूकोना और कच्चापाठ समेत आसपास के गांवों में दहशत

विज्ञापन

गुमला. गुमला जिले के कुरूमगढ़ वन क्षेत्र में इन दिनों एक तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल है. रविवार को तेंदुए को ग्राम पंचायत मालम के कतारीकोना गांव में देखे जाने की सूचना मिली. बताया गया कि तेंदुए ने लालसाय असुर की गाय को अपना शिकार बनाया और फिर जंगल की ओर लौट गया. इससे पहले भी तेंदुआ कोल्हूकोना गांव के कधतीरा असुर की बकरियों तथा कच्चापाठ के नारायण असुर की गाय का शिकार कर चुका है. ग्रामीणों के अनुसार तेंदुआ अब तक कई पशुपालकों के मवेशियों को निशाना बना चुका है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है. वन विभाग के अनुसार तेंदुआ पिछले लगभग छह माह से कुरूमगढ़ वन क्षेत्र में डेरा जमाये हुए है. शुरुआत में लोगों को इसकी जानकारी नहीं थी, लेकिन लगातार गाय व बकरियों के शिकार होने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी. जांच के दौरान वन कर्मियों ने पंजों के निशान के आधार पर तेंदुए की पुष्टि की है. ग्रामीणों का कहना है कि अभी तक तेंदुआ केवल पालतू पशुओं को ही निशाना बना रहा है, लेकिन यदि समय रहते उसे क्षेत्र से नहीं हटाया गया तो इंसानों पर भी खतरा बढ़ सकता है. तेंदुए की गतिविधियों से कतारीकोना, कोल्हूकोना, कच्चापाठ समेत आसपास के गांवों में भय का माहौल है. प्रभावित पशुपालकों ने वन विभाग से मुआवजे की मांग की है, वहीं ग्रामीणों ने तेंदुए को क्षेत्र से बाहर निकालने के लिए ठोस कार्रवाई करने की अपील की है. ग्रामीण ज्योति लकड़ा ने बताया कि कतारीकोना और कोल्हूकोना आदिम जनजाति बहुल गांव हैं, जो घने जंगलों और पहाड़ियों के बीच बसे हुए हैं. इस कारण बाघ व तेंदुए जैसे जंगली जानवर अक्सर इस क्षेत्र में पहुंच जाते हैं. उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों से कतारीकोना पहाड़ पर एक तेंदुआ रह रहा है. आशंका जतायी जा रही है कि उसने पहाड़ की एक गुफा में शावकों को जन्म दिया है, जिससे वह बार-बार भोजन की तलाश में गांवों की ओर आ रहा है.

डीएफओ ने कहा

कुरूमगढ़ वन क्षेत्र में एक तेंदुआ होने की सूचना है. यह भी सूचना मिल रही है कि तेंदुआ द्वारा क्षेत्र के लोगों के पशुओं का शिकार किया जा रहा है. वन विभाग की टीम सतर्कता के साथ तेंदुआ पर अपनी नजर रखे हुए है. हमारा प्रयास है कि तेंदुआ जंगल के अंदर ही रहे और गांवों की ओर नहीं घुसे. तेंदुआ पर निगरानी रखने के लिए क्षेत्र में कैमरा ट्रैप लगाया जा रहा है. प्रभावित किसान मुआवजा के लिए आवेदन कर सकते हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola